
कानपुर एक्सप्रसे-वे पर डबल डेकर बस पलटी, भीषण हादसे में तीन की मौत और 24 घायल
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर यूपी के कानपुर में अरौल के पास सोमवार देर रात करीब तीन बजे दिल्ली से बिहार सीवान यात्री लेकर जा रही डबलडेकर बस अरौल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर यूपी के कानपुर में अरौल के पास सोमवार देर रात करीब तीन बजे दिल्ली से बिहार सीवान यात्री लेकर जा रही डबलडेकर बस अरौल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जिसमें एक सात साल का बच्चा भी है। और 24 लोग घायल हो गए। वहीं, बस चालक और परिचालक कूदकर भाग गए।
एडीसीपी वेस्ट, दो एसीपी, चार थानेदारों ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। करीब दो दर्जन एंबुलेंस से मरीजों को आनन-फानन सीएचसी बिल्हौर और वहां से कानपुर हैलट ले जाया गया। इंस्पेक्टर अरौल जनार्दन यादव के मुताबिक करीब तीन बजे कंट्रोल रूम से एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलट जाने की सूचना मिली थी। वह फोर्स के साथ फौरन मौके पर पहुंचे।
एडीसीपी वेस्ट कपिलदेव सिंह, एसीपी बिल्हौर और कल्याणपुर के साथ कई थानों का फोर्स पहुंचा। सभी घायलों को पुलिस ने दो दर्जन एंबुलेंस से सीएचसी बिल्हौर भेज अधीक्षक को हादसे की सूचना दी। सीएचसी में मौजूद डॉक्टर और स्टाफ ने तीन को मृत घोषित कर दिया। जिसमे से 7 साल के बच्चे अनुराग की पहचान पुलिस ने कर ली है। उसकी मां साथ में थी। सभी बस से दिल्ली से बिहार सीवान जा रहे थे।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मचने लगी। उधर वाहनों से गुजर रहे राहगीरों ने भी उतरकर पुलिस को सूचना दी। और मदद में जुट गए। करीब आधा घंटे यातायात पूरी तरह से बाधित कर दिया गया। क्रेन से बस हटवाने के बाद फिर एक-एक कर पुलिस ने वाहन पास कराए।
पुलिस ने जारी की घायलों की सूची
पुलिस ने घायलों की सूची जारी की है। जिसमें सत्येंद्र कुमार, साधना दुबे, शुभम कुमार, छाया, संदीप, प्रीती, लक्षिका, अभिषेक, पवन, अंकुश, रणधीर सिंह, अमित शर्मा, प्रेमप्रकाश,पवन, देवेंद्र सिंह, दयाशंकर, अजय, गुड्डी, तनिष्का, हिमांशी, राजेंद्र, अजय, अरविंद, साहिल, अमित शर्मा, हरीश व रजनी हैं।





