पुलिस को फोन कर बार-बार आत्महत्या की धमकी, थाने के गेट पर जहर खाकर दी जान
यूपी में खीरी के भीरा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने पहले पुलिस को फोन किया और आत्महत्या करने की बात की। पुलिस उसे ढूंढकर थाने लेकर आ रही थी, तभी थाने के गेट पर ही युवक की हालत बिगड़ गई। उसने पुलिस को बताया कि वह जहर खा चुका है।

यूपी में खीरी के भीरा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने पहले पुलिस को फोन किया और आत्महत्या करने की बात की। पुलिस उसे ढूंढकर थाने लेकर आ रही थी, तभी थाने के गेट पर ही युवक की हालत बिगड़ गई। उसने पुलिस को बताया कि वह जहर खा चुका है। पुलिस उसे सीएचसी से जिला अस्पताल और फिर लखनऊ लेकर जा रही थी। इस दौरान रास्ते में सीतापुर में उसकी मौत हो गई। उधर, युवक के परिजनों ने इलाके के एक युवक व उसकी महिला मित्र पर परेशान करने और पुलिस पर भी उत्पीड़न, पीटने का आरोप लगाया है।
भीरा थाना क्षेत्र के मेढ़ईपुरवा गांव निवासी 40 वर्षीय संजीत मिश्रा ने पुलिस को फोन कर कहा कि वह आत्महत्या कर लेगा। पुलिस के पूछने पर उसने बताया कि एक युवक और उसकी महिला मित्र उसको परेशान कर रहे हैं। उसको धमकी दी जा रही है और पांच लाख रंगदारी भी मांगी जा रही है। मामला संवेदनशील होने पर पुलिस ने संजीत को तलाशा और उसे लेकर थाने पहुंची। बताया जाता है कि थाने के गेट पर ही सुजीत गिर गया और तड़पने लगा। उसने पुलिस को बताया कि वह जहर खा चुका है। पुलिस उसे लेकर बिजुआ सीएचसी व जिला अस्पताल पहुंची। वहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में सुजीत ने दम तोड़ दिया। वहीं, सीओ गोला रमेश तिवारी ने बताया कि पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई होगी।
एसओ से बातचीत वायरल, मुझे इंसाफ नहीं मिला...कहकर सुजीत ने खा लिया जहर
सुजीत ने भारी दबाव और तनाव के बीच जहर खाया। उसकी मौत के बाद भीरा एसओ रोहित दुबे और सुजीत के बीच बातचीत एक ऑडियो सामने आया है। इसमें सुजीत फोन पर एसओ से कहता है कि मुझे इंसाफ नहीं मिला। इसके बाद लंबी बातचीत में सुजीत बार-बार आत्महत्या की धमकी दे रहा है। उधर परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस पैसा लेकर उसे गांव से उठा ले गई और फिर उसकी पिटाई भी की। पुलिस के डर से सुजीत ने जहर खा लिया। उधर पुलिस ने परिजनों के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि सुजीत को पहली बार थाने लाया जा रहा था। थाने लाने की वजह भी उसकी ओर से एसपी कार्यालय में फोन कर शिकायत करना था।
भीरा थाना क्षेत्र के गांव मेड़ईपुरवा निवासी सुजीत मिश्रा ने मंगलवार को पुलिस को फोन किया। उसने सबसे पहले एसपी आफिस फोन लगाकर भीरा पुलिस पर उसकी शिकायत न सुने जाने का आरोप लगाया। इसके बाद सुजीत की बात सुनने के लिए डायल 112 और खुद भीरा एसओ रोहित दुबे ने उसे फोन किया। एसओ और सुजीत की बातचीत का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। ऑडियो में सुजीत एसओ को बार-बार आत्महत्या की धमकी दे रहा है। वह किसी गोल्डी का नाम लेकर कह रहा कि उसे परेशान किया जा रहा। वह एक लड़की का नाम भी लेता है कि ये लोग 5 लाख की रंगदारी मांग रहे हैं। सुजीत ने इसकी कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी।
पुलिस उसको थाने आने के लिए कहती है और कार्रवाई का आश्वासन देती है। लेकिन वह थाने जाने से मना कर देता है और बार बार डायल 112 पर फोन करता है। इसके बाद डायल 112 उसे गांव से खोजकर थाने ला रही थी। थाने के गेट पर पुलिस को पता चला कि उसने जहर खा लिया है। पुलिस उसको आनन-फानन लेकर सीएचसी बिजुआ गई। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। जिला अस्पताल में भी उसको लखनऊ रेफर कर दिया जाता है। सुजीत के भाई शुभम ने बताया कि गोल्डी और उसकी महिला मित्र सुजीत को परेशान कर रहे थे। आरोप लगाया कि पुलिस ने हिरासत में उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद सुजीत ने जहर खा लिया। परिजन उसको लेकर लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस का दावा, प्रेम प्रसंग का मामला
पुलिस का कहना है कि सुजीत का मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। पुलिस का दावा है कि सुजीत मिश्रा की एक युवती से दोस्ती थी। बताया जाता कि सुजीत पहले से शादीशुदा है। युवती भी उसके ऊपर शादी का दबाव बना रही थी। शादी न करने पर मुकदमा लिखवा देने की धमकी भी दी जा रही थी। सुजीत का तो यह भी आरोप है कि उससे पांच लाख की रंगदारी मांगी जा रही थी। इससे वह परेशान हो चुका था। मंगलवार को पहली बार उसने पुलिस को फोन किया।
घर वालों के दो तरह के आरोप
अब घरवाले पुलिस पर आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि दबंग के कहने पर सुजीत को थाने में मारापीटा गया। एसओ भीरा रोहित दुबे ने बताया कि यह प्रकरण मंगलवार को ही पुलिस के सामने आया। पुलिस को न तो लड़की ने कोई तहरीर दी है और ही इस युवक ने कोई तहरीर दी। सुजीत को थाने आकर तहरीर देने की बात कही गई थी। लेकिन वह जहर खा लेने की बात कहने लगा। कहीं वह सच में जहर न खा ले, इसलिए पुलिस उसके घर गई थी। उसको थाने लाया गया। थाने पर पहुंचते ही सुजीत ने बताया कि उसने जहर खा रखा है। उसको सीएचसी ले जाया गया।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।
और पढ़ें

