
बंटवारे के विवाद में बेटों ने पिता को दौड़ाकर पीटा, मौत के घाट उतार कर दोनों फरार
संक्षेप: यूपी में कौशांबी के मंझनपुर में करारी कस्बे के नेता नगर मोहल्ले में शुक्रवार की शाम बेटों ने बंटवारे को लेकर हुए विवाद के दौरान बुजुर्ग पिता की दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई की। बीच-बचाव करने पहुंचे बड़े भाई को भी पीटा। पिटाई से जख्मी बुजुर्ग की शनिवार सुबह मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
यूपी में कौशांबी के मंझनपुर में करारी कस्बे के नेता नगर मोहल्ले में शुक्रवार की शाम बेटों ने बंटवारे को लेकर हुए विवाद के दौरान बुजुर्ग पिता की दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई की। बीच-बचाव करने पहुंचे बड़े भाई को भी पीटा। पिटाई से जख्मी बुजुर्ग की शनिवार सुबह मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

करारी के नेता नगर निवासी 60 वर्षीय दुर्गा प्रसाद सरोज पुत्र राम अवतार को ज्ञान सिंह, वीरेंद्र व विमलेश समेत तीन बेटे हैं। पत्नी श्रीमती ने बताया कि उन्होंने पिछले दिनों एक बीघा जमीन बड़े बेटे ज्ञान सिंह के नाम लिख दी थी। बाकी जायदाद भी वह बड़े बेटे को ही लिखने की तैयारी कर रहे थे। छोटे दोनों पुत्र प्रापर्टी में बराबर का बंटवारा करना चाहते थे। इसी बात को लेकर शुक्रवार की शाम झगड़ा हो गया। बात इतनी बढ़ी कि छोटे बेटे वीरेंद्र व विमलेश ने पिता दुर्गा प्रसाद सरोज की गाली-गलौच करते हुए दौड़ा-दौड़ाकर लाठी से पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे बड़े भाई ज्ञान सिंह को भी जमकर पीटा।
चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। घायल पिता-पुत्र को आननफानन एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां शनिवार की सुबह इलाज के दौरान दुर्गा प्रसाद सरोज की मौत हो गई। पिटाई से जख्मी ज्ञान सिंह का इलाज एसआरएन प्रयागराज में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत भी गंभीर है।
मंझनपुर के डीएसपी शिवांक सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के दोनों बेटों के खिलाफ उनकी पत्नी की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा कायम करा दिया गया है। हत्यारोपियों की तलाश कराई जा रही है। उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





