2.5 करोड़ की ठगी में कंबोडिया में बैठे शातिर के सात गुर्गे पकड़े, ऐसे फंसाया था कारोबारी
यूपी में कानपुर के चकेरी में कारोबारी से हुई 2.50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में क्राइम ब्रांच ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी कंबोडिया में बैठे आकाओं के संपर्क में थे। ठगी गई धनराशि कानपुर के अलग-अलग 96 बैंक खातों में भेजी गई थी।
यूपी में कानपुर के चकेरी में कारोबारी से हुई 2.50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में क्राइम ब्रांच ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी कंबोडिया में बैठे आकाओं के संपर्क में थे। ठगी गई धनराशि कानपुर के अलग-अलग 96 बैंक खातों में भेजी गई थी। फिर रकम को डॉलर में बदलकर कंबोडिया भेजा गया। वहां से हवाला के जरिये कैश में आरोपियों ने पैसा लिया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि सभी से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों पर कई प्रदेशों में भी मुकदमे होने की जानकारी मिली है।
चकेरी के सफीपुर प्रथम निवासी राहुल केसरवानी ज्वैलरी बॉक्स बनाने का कारोबार करते हैं। चकेरी थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार मई 2025 में उनके पास फेसबुक में एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। एक्सेप्ट के बाद व्हाट्सएप से ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट के नाम पर उनको एक वेबसाइट में जोड़ा गया। मुनाफे का लालच देकर 10 लाख का निवेश कराया गया। बाद में यह धनराशि 26 लाख दिखने लगी। युवती ने 50 लाख और निवेश को कहा।
राहुल के रुपये न होने की बात पर उसने दोस्ती की बात कहकर 50 लाख रुपये निवेश कर दिए। इसी बीच एक व्यक्ति ने उन्हें वीडियो कॉल की और खुद को कर्नल बताया। कहा कि वह युवती का पिता है। धमकी देते हुए कहा कि उनकी बेटी से फ्लर्ट कर रहा है। कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल उनके दोस्त हैं। वीडियो कॉल में कर्नल के ऑफिस का सेटअप भी दिखाया। विभिन्न माध्यमों से ढाई करोड़ जमा कराए गए। 14 जून 2025 से 9 दिसंबर 2025 के बीच में उनसे यह ठगी की गई। राहुल ने 17 दिसंबर को चकेरी में रिपोर्ट दर्ज करायी।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि बाबूपुरवा के ओसामा, जाजमऊ निवासी मो. आरिफ, बाबूपुरवा निवासी मो. यूसुफ, ईसाई मैदान बाबूपुरवा निवासी सावेज, बाबूपुरवा निवासी मो. फैज, प्रयागराज के करेली जीटीबी नगर निवासी अल हुमैद और फीलखाना चटाई मोहल्ला निवासी मोनू बिलाल शामिल हैं। ओसामा मुख्य आरोपी है, जो कंबोडिया में बैठे साइबर ठगों के लिए खातों से पैसा निकालना, उसे डॉलर में बदलकर कंबोडिया भेजने जैसा काम करता है। कंबोडिया के साइबर ठगों से उसकी बातचीत और ठगी के लिए यूज किए गए 12 खाते मिले हैं।
हैंडलर्स पकड़ पीठ थपथपा रही पुलिस
भारतीय धरती पर साइबर ठगी को विदेश में बैठे ठग अंजाम दे रहे हैं। कंबोडिया, थाईलैंड, चीन, म्यांमार, लाओस और नेपाल से बैठकर लोकल हैंडलर्स के जरिये ठगी को अंजाम दिया जा रहा है। चकेरी में कारोबारी से ढाई करोड़ रुपये की साइबर ठगी भी कंबोडिया में बैठकर की गई थी। खातों से रकम निकालने, रुपये को डॉलर में बदलकर कंबोडिया भेजने का काम यहां के हैंडलर्स ओसामा ने अपने छह साथियों के साथ मिलकर किया।
पुलिस भी पड़ताल के बाद इन हैंडलर्स तक ही पहुंच सकी और सातों को गिरफ्तार कर लिया लेकिन आकाओं की पहचान तक नहीं हो सकी। इससे पहले दो डॉक्टरों और एक लैब टेक्नीशियन से हुई 5.70 करोड़ रुपये की ठगी में भी क्राइम ब्रांच ने हैंडलर्स ही पकड़े थे। हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) से हुई मई 2024 में 55 लाख रुपये की ठगी का पैसा यूएसए के एकाउंट में गया था। क्राइम ब्रांच ने यूएसए कई मेल भेजी लेकिन किसी का भी जवाब नहीं मिला।

लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।
और पढ़ें



