प्रेमिका के चक्कर में शादीशुदा प्रेमी ने की खुदकुशी, ये करने का दबाव बना रही थी गर्लफ्रेंड
कानपुर में प्रेमिका के चक्कर में शादीशुदा प्रेमी ने खुदकुशी कर ली। प्रमिका उसपर दबाव बना रही थी। कहा जा रहा है कि प्रेमिका ने युवक को धमकी भी दी थी। इसी कारण युवक परेशान था और अपने घर में उसने आत्महत्या कर ली।

यूपी के कानपुर में जूही के नयापुरवा में कथित प्रेम संबंध के चलते पत्नी को तलाक देने का दबाव और रुपयों की मांग से परेशान ट्रांसपोर्ट में चालक ने जान दे दी। परिजनों के मुताबिक, कथित प्रेमिका की धमकियों से युवक मानसिक तनाव में था। नयापुरवा निवासी 35 वर्षीय अंकित पाल उर्फ जैकी ट्रांसपोर्ट की गाड़ी चलाता था। उसकी शादी करीब 12 वर्ष पहले आशा से हुई थी। परिवार में दो बेटे आरव और जैद, पिता अजय पाल, मां प्रेमा और छोटा भाई ऋषभ हैं।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे अंकित काम से घर लौटा और कुछ देर परिवार के साथ बैठा। मोबाइल पर फोन आने के बाद वह ऊपरी मंजिल स्थित कमरे में चला गया। देर रात चुन्नीगंज स्थित एक अस्पताल में नाइट ड्यूटी कर रही आशा ने अंकित को फोन किया, लेकिन कॉल नहीं उठी। इस पर उसने बेटे आरव को कमरे में जाकर देखने के लिए कहा। आरव ने खिड़की से देखा तो अंकित कमरे में बेसुध पड़ा था।
जूही थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। साधना गुप्ता उर्फ अनु पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आशा ने तहरीर में बताया कि करीब 15-20 दिन पहले उसे पति से एक शादीशुदा महिला साधना गुप्ता उर्फ अनु से प्रेम संबंध होने की जानकारी हुई थी। आरोप है कि साधना लगातार अंकित पर पत्नी को तलाक देने का दबाव बना रही थी और रुपयों की मांग कर रही थी। मांग पूरी न होने पर अंकित और उसके परिवार को जेल भिजवाने की धमकी देने का भी आरोप है।
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाई
श्याम नगर में एक युवक ने गर्भवती पत्नी के साथ विवाद कर फांसी लगाकर जान दे दी। श्यामनगर के आदर्श विहार निवासी नफीस खान इंटरनेट केबल ऑपरेटिंग का काम करते हैं। परिवार में पत्नी शहनाज और चार बेटे 27 वर्षीय सुहैल, सलमान, मोहसिन और वसीम हैं। सुहैल अपने पिता के साथ ही काम करता था। उसके बड़े भाई सलमान ने बताया कि सुहैल और सुजातगंज निवासी गुलफ्शा करीब 11 माह पहले प्रेम विवाह किया था। गुलफ्शा पांच माह की गर्भवती है।
परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात को सुहैल और उसकी पत्नी गुलफ्शा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद सुहैल तनाव में कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। उसने दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। मंगलवार सुबह जब सुहैल के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़कर देखा तो सुहैल का शव फंदे से लटक रहा था। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद आत्महत्या की बात सामने आई है।
युवक ने दे दी जान
हमीरपुर कुरारा के टोडरपुर गांव निवासी 32 वर्षीय रोहित कुमार केशवनगर स्थित जीजा कमलदास गुप्ता की परचून की दुकान में रहकर देखरेख करता था। बर्रा निवासी जीजा कमलदास ने बताया कि सास-ससुर की मौत के बाद करीब 10 वर्षों से रोहित उनके पास ही रह रहा था। रोज की तरह सोमवार को दुकान बंद कराने के बाद रोहित कमरे में सोने के लिए चला गया। सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला।
फंदे पर मिला शव
शिवगंज निवासी दिलीप ट्रक चालक था। करीब पांच माह पहले उसने ट्रक चलाना छोड़ दिया था। परिवार में पत्नी प्रियंका, बेटे सुमित व कृष्णा और बेटी शुभी हैं। परिजनों के मुताबिक, दिलीप शराब का लती था। रविवार सुबह भी शराब को लेकर विवाद हुआ था। दिलीप घर पर मोबाइल छोड़ निकल गया। मंगलवार सुबह निर्माणाधीन मंदिर के बाहर बने पिलर से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे दिलीप का शव लटका मिला।

