प्रेमी सिपाही संग मिलकर पत्नी ने पति को मरवाया, प्लॉट के लालच में ट्रेन से फेंककर हत्या
प्रेमी सिपाही संग मिलकर पत्नी ने पति को मरवा दिया। प्लॉट के लालच में ट्रेन से फेंककर हत्या की गई। बिठूर निवासी युवक का शव चार दिसंबर 2025 को शिकोहाबाद ट्रैक पर मिला था। मृतक के पिता ने अपहरण कर ट्रेन से फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया था।

यूपी के कानपुर में प्लॉट की खातिर पति को मरवाने के आरोप में पत्नी, उसके सिपाही प्रेमी समेत सात लोगों के खिलाफ कोर्ट ने बिठूर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। युवक का शव चार दिसंबर 2025 को शिकोहाबाद में ट्रैक किनारे शव मिला था। पिता ने सिपाही पर अपहरण कर ट्रेन से फेंकने का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। इसमें बहू और उसके माता-पिता और भाइयों को भी आरोपी बनाया था। पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली थी। अब मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार शुक्ला ने एफआईआर के आदेश दिए हैं।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार बिठूर के गांव लोधर निवासी विनोद कुमार सक्सेना ने गांव पोहेना थाना जवा जिला अलीगढ़ निवासी (वर्तमान में उत्तर प्रदेश 112 थाना कल्याणपुर के सिपाही) राहुल कुमार, गांव लोधर निवासी बहू नेहा देवी, मंगला विहार चकेरी निवासी संदीप श्रीवास्तव, कंशपुर गुगौली कल्यानपुर जिला फतेहपुर निवासी शिवानंद, सीता, सूरज, चेतन और पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अर्जी दी थी। आरोप लगाया था कि एक दिसंबर 2025 को सिपाही राहुल कुमार उनके बेटे राहुल कुमार सक्सेना का अपहरण कर ले गया था। वह पनकी धाम स्टेशन पर देखा गया था।
कहा गया था कि बाद में आरोपी उनके बेटे को श्रमशक्ति से दिल्ली की ओर ले गया। रास्ते में ग्राम कटौरा बुजुर्ग शिकोहाबाद के पास चलती ट्रेन से फेंककर हत्या कर दी। चार दिसंबर 2025 को शिकोहाबाद पुलिस ने राहुल सक्सेना का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा होने की जानकारी दी थी। आरोप लगाया था कि सिपाही के बहू से संबंध थे। नेहा देवी उनसे मकान की रजिस्ट्री कराना चाहती थी। न करने पर उनसे रंजिश मानती थी। इसी रंजिश में उसने अपने माता-पिता, भाइयों और सिपाही के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची।
पिता का कहना है कि बेटे की हत्या के बाद उसने पुलिस अफसरों को प्रार्थनापत्र दिए लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसलिए उसने कोर्ट की शरण ली थी। अब कोर्ट के आदेश के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें उनकी बहू, उसका प्रेमी सिपाही और बहू के परिवार वाले आरोपी बनाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि बहू की साजिश के तहत बेटे की हत्या की गई। पहले उसके प्रेमी ने उनके बेटे का अपहरण किया और फिर ट्रेन में ले जाकर उसे फेंक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

