दोस्त को लूटने की कोशिश-हत्या कर शव गंगा में फेंका, मुंबई भागे आरोपी ऐसे यूपी पुलिस के हत्थे चढ़े
यूपी के कानपुर में चकेरी के मंगला विहार फर्स्ट में रहने वाले और बाराबंकी पीएचसी में तैनात 37 वर्षीय वार्ड ब्वॉय अंकित त्रिवेदी की हत्या कर दी गई। पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर फतेहपुर से अंकित की कार बरामद कर ली है।

यूपी के कानपुर में चकेरी के मंगला विहार फर्स्ट में रहने वाले और बाराबंकी पीएचसी में तैनात 37 वर्षीय वार्ड ब्वॉय अंकित त्रिवेदी की हत्या कर दी गई। पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर फतेहपुर से अंकित की कार बरामद कर ली है। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि विष्णुचन्द्र ने 17 अप्रैल को बेटे अंकित की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया था कि वह 16 अप्रैल की शाम को पत्नी से मलवां जाने की बात कहकर कार से गया था। पुलिस ने फुटेज खंगाले तो अंकित की कार में तीन युवक दिखे। तीनों चकेरी के अटलनगर निवासी रेहान, फतेहपुर निवासी शादाब और अलतमस को सनिगवां से पकड़ लिया गया।
तीनों ने बताया कि अंकित और बांगरमऊ निवासी सत्यम दोस्त थे। सत्यम ने अंकित को लूटने की साजिश रची। रेहान ने अंकित से मलवां तक चलने के लिए कार बुक की। तीनों कार से हथगांव पहुंचे। यहां सत्यम भी बाइक से आ गया। अंकित से ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करने को कहा तो उसने मना कर दिया। फिर गला घोंटकर हत्या कर दी व शव नौबस्ता सुल्तानपुर ले जा गंगा में फेंक दिया। डीसीपी ने बताया कि तीनों को जेल भेज दिया गया है। अपहरण के बाद हत्या की धारा बढ़ाई गई है।
250 कैमरों में से एक में दिखे आरोपी, मुंबई से लौटते ही दबोचा
करीब 17 दिन से लापता मंगला विहार फर्स्ट निवासी वार्ड ब्वॉय अंकित त्रिवेदी की हत्या कर दी गई है, इसकी शंका पुलिस को तब हुई जब फतेहपुर से उसकी कार मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में रामादेवी से फतेहपुर के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र तक के 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे देखे। महाराजपुर के पंप में पेट्रोल डलवाने के दौरान तीनों आरोपी अंकित की कार से उतरते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने फुटेज के माध्यम से तीनों की पहचान की और घर वालों से संपर्क कर नंबर सर्विलांस पर लगवाए। हालांकि तीनों मुंबई भाग गए थे। वहां से लौटते ही पुलिस ने तीनों को सनिगवां के गोल चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि अंकित के 16 अप्रैल को गायब होने के बाद पुलिस ने 17 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। 18 अप्रैल को फतेहपुर के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में पुलिस को अंकित की कार लावारिस खड़ी मिली थी। पुलिस ने रामादेवी चौराहे से लेकर फतेहपुर तक के 120 किमी दूरी तक के कैमरे खंगाले। वहीं पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को अपहरण कर हत्या की धारा में तरमीम कर लिया है। उधर, अंकित के शव की तलाश में पुलिस समेत एसडीआरएफ की टीम को फतेहुपर के नौबस्ता गंगापुल पर लगाया गया है।
रुपयों की खातिर घोंटा दोस्ती का गला
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी रेहान, शादाब और अल्तमस ने बताया कि वह तीनों अंकित को जानते तक नहीं थे। अंकित की सत्यम मिश्रा के साथ दोस्ती थी। सत्यम को जानकारी थी कि अंकित सरकारी नौकरी के बाद साथ ही कार किराये पर चलाता है। उसने दूसरी कार खरीदने की बात भी कही थी। इसी वजह से सत्यम ने अंकित को लूटने की साजिश रची और रुपयों के लालच में वह लोग भी उसके साथ आ गए।
रेहान ने बुक कराई थी कार, सत्यम बाइक से कर रहा था पीछा
आरोपियों ने बताया कि सत्यम और रेहान की दोस्ती थी। सत्यम ने ही रेहान से अंकित की पहले बात कराई थी। फिर रेहान ने 16 अप्रैल को अंकित को फोन कर कार बुक कर फतेहपुर के मलवां चलने को कहा। रेहान, उसकी मौसी का बेटा शादाब और चाचा का बेटा अल्तमस रामादेवी चौराहे पर अंकित का इंतजार करने लगे। अंकित के आते ही तीनों उसकी कार से हाईवे पर चल पड़े। सत्यम बाइक से पीछे-पीछे चल रहा था। आरोपियों ने बताया कि फतेहपुर के हथगांव थानाक्षेत्र के बहदग्राम गांव पहुंचने के बाद पेशाब करने के बहाने कार रुकवाई। इसी दौरान सत्यम भी आ गया। सभी अंकित से मोबाइल बैंकिंग ऐप का पासवर्ड मांगने लगे। विरोध पर उसका गला घोंट दिया। उसके बाद अंकित का शव कार में डाला और सुल्तानपुर घोष थानाक्षेत्र के नौबस्ता पुल से गंगा में फेंक दिया।
तीनों को भगाने वाली बहन की भी तलाश हो रही
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद शादाब ने अपनी बहन अफसाना को फोन कर घटना की जानकारी दी। अफसाना ने घटना को छिपाते हुए शादाब, अल्तमस और रेहान को खागा रेलवे स्टेशन तक ई-रिक्शा बुक कर पहुंचाया। यहां से तीनों मुंबई चले गए। दो दिन पहले वह कानपुर लौटे और पुलिस ने ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अफसाना को तलाश रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

