यूपी में बस्ती पर कब्जा कर अवैध झोपड़ियां बना किराए पर दीं, धर्मांतरण का दबाव
यूपी के कानपुर में एक बस्ती पर कब्जा कर अवैध झोपड़ियां बना किराए पर दी गईं। इसके बाद परिवारों पर धर्मांतरण का दबाव बनाया गया। विरोध करने वाले परिवार को पीटा गया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को दबोच लिया।

यूपी के कानपुर में गुजैनी के रामगोपाल चौराहा के पास स्थित वरुण विहार कच्ची बस्ती में धर्मांतरण से इनकार पर परिवार को पीटने के मामले में पुलिस और एलआईयू (खुफिया इकाई) सतर्क हो गई है। एलआईयू बस्ती में रह रहे लोगों की कुंडली व डाटा खंगाल रही है। जांच में चौंकाने वाले राज सामने आए, मुख्य आरोपित शीबू के पिता शमीम ने बस्ती में कब्जा कर कई झोपड़ियां बनाईं और उन्हें किराए पर दीं। फिर किराएदारों पर धर्मांतरण का दबाव बनाने के आरोप सामने आए हैं। बस्ती में तनाव देख 24 घंटे फोर्स की तैनाती की गई है।
मूलरूप से जालौन के शेखूपुर गुढ़ा गांव में रहने वाले सोनू जाटव पिछले दो साल से पत्नी रीता व तीन बच्चों के साथ कच्ची बस्ती में रह रहे हैं। पत्नी के मुताबिक आस-पास रहने वाले दूसरे समुदाय के लोगों ने बीते सोमवार को धर्मांतरण के विरोध पर घर में धावा बोल पूरे परिवार को पीटा था। मामले में कार्रवाई न करने से नाराज हिंदू संगठन ने गुजैनी थाने का घेराव व हंगामा किया था, तब पुलिस ने पीड़ित सोनू की तहरीर पर शमीम, उसके बेटे शीबू व बेटी जेबा, सगे भाई सोहेल खान व रीवू, फुरकान, कल्लू, शाहरुख, साहिवा व अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। बुधवार को पुलिस और एलआईयू टीम ने वहां रह रहे लोगों की कुंडली खंगालने के साथ एक दर्जन लोगों को चिन्हित किया।
डीसीपी दक्षिण, दीपेंद्र नाथ चौधरी ने कहा कि बस्ती में कैसा भी विवाद दोबारा न हो, इसके लिए फोर्स की मुस्तैदी के साथ निगरानी की जा रही है। वहीं धर्मांतरण के दबाव, झोपड़ियों पर कब्जे और मारपीट से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। जांच और साक्ष्य के आधार पर आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य आरोपित पिता-पुत्र समेत 5 लोग गिरफ्तार
गुजैनी पुलिस ने मुख्य आरोपित पिता-पुत्र समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपितों ने धर्मांतरण के विरोध में बस्ती में रहने वाले रिक्शा चालक सोनू जाटव समेत परिवार पर हमला बोला था। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि शमीम, उसके बेटे शीबू, अरमान, अर्सलान और अमिर खान को गिरफ्तार किया है। फरार अन्य आरोपितों के लिए दबिश दी जा रही है। धर्मांतरण के आरोपों की जांच की गई। आरोप सही पाए जाने पर आरोपितों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा बढ़ाकर कार्रवाई की गई है।
धर्मांतरण से मुकरने पर जबरन खाली कराई बस्ती
पुलिस जांच पड़ताल में बस्ती में रह रहे लोगों न बताया कि, करीब सात-आठ साल पहले आरोपित शमीम ने गुर्गों के साथ मिलकर हाईटेंशन के नीचे नगर निगम की ग्रीन बेल्ट पर कब्जा कर झोपड़ियां बनाईं। इसके बाद उन्हें किराए पर दे दिया। आरोप है कि कुछ दिन रहने के बाद शमीम और उसके परिवार के लोग किराएदार पर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने लगे। मुकरने पर झोपड़ियां जबरन खाली करवा ली गई। फिर शमीम ने अपने परिवार के लोगों को यहां बसा दिया। चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वर्तमान में शमीम के करीब 25 परिचितों और रिश्तेदारों के परिवार बस्ती में रह रहे हैं।

