Hindi NewsUP NewsUP Kanpur father Arrested sent jail for christian Religion Change Offering treatment for disease
बीमारी ठीक करने की आड़ में धर्मांतरण का खेल, रुपये देकर ईसाई बना रहा पादरी पकड़ा

बीमारी ठीक करने की आड़ में धर्मांतरण का खेल, रुपये देकर ईसाई बना रहा पादरी पकड़ा

संक्षेप:

यूपी के कानपुर में घाटमपुर के नौरंगा कस्बे में कई वर्षों से चल रहे धर्मांतरण के खेल का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस ने आरोपित पादरी को जेल भेज दिया। एक ग्रामीण की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस धर्मांतरण से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Jan 15, 2026 06:51 am ISTSrishti Kunj संवाददाता, कानपुर
share Share
Follow Us on

यूपी के कानपुर में घाटमपुर के नौरंगा कस्बे में कई वर्षों से चल रहे धर्मांतरण के खेल का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस ने आरोपित पादरी को जेल भेज दिया। एक ग्रामीण की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस धर्मांतरण से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। नौरंगा कस्बे के हुसैना रोड में रहने वाले एलविन के घर पर धर्मांतरण की सूचना पर बजरंग दल के विभाग सह संयोजक शुभम् शौर्य अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष मनीष सचान समेत कई पदाधिकारी पहुंचे थे। एलविन पादरी है और मूलरूप से केरल के त्रिवेंद्रम का रहने वाला है।

एलविन के घर पर पदाधिकारी पहुंचे तो कमरे में महिला लेटी हुई थी और पादरी उसकी बीमारी ठीक करने के लिए प्रार्थना कर रहा था। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आपत्ति जताते हुए हंगामा किया। सूचना पुलिस तक पहुंची तो इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट भी फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने एलविन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की। इसी बीच फतेहपुर के जहानाबाद निवासी मुकेश कुमार ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत की। आरोप लगाया कि पादरी उसके साथ कई लोगों को धर्मांतरण का प्रलोभन दे रहा था। इंस्पेक्टर दिनेश बिष्ट ने बताया कि आरोपित के खिलाफ धर्मांतरण कराने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

युवक बोला- रुपये देकर धर्मांतरण कराता था पादरी

बिधनू थाना क्षेत्र के अफजलपुर गांव निवासी आकाश पासवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में युवक बता रहा है कि पादरी एलविन उसे रमईपुर में मिला था। मुझे देखते ही कहा, तुम बहुत परेशान हो। सभी परेशानियां दूर करनी हों तो नौरंगा आ जाना। इसके बाद जब वह नौरंगा कस्बा पहुंचा तो पादरी ने उसे बाइबल पढ़ने को दी। इसके बाद उससे कहा गया कि हिन्दू धर्म छोड़कर यीशू की शरण में आ जाओ। इसके एवज में उसे रुपये मिलेंगे और शादी भी करा दी जाएगी। युवक ने बताया कि एक हजार रुपये प्रतिदिन देने का लालच भी दिया गया।

चंगाई सभा लगा करता था कैंसर के इलाज का दावा

नौरंगा के एक घर में पिछले 10 साल से रह रहा एलविन क्षेत्र के लोगों को अपने प्रभाव में रखता था। वह चंगाई सभा लगाकर प्रार्थना से कैंसर समेत अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज का दावा करता था। उससे हर समाज के विशेषकर दलित समुदाय के लोग ज्यादा जुड़े थे। पुलिस के मुताबिक जांच में एक रजिस्टर मिला है जिसमें करीब सौ लोगों का लेखा-जोखा मिला है। एक वीडियो में पूछताछ के दौरान उसने कहा कि कैंसर सहित अन्य बीमारियों का वह प्रार्थना के जरिए इलाज कर देता है। यह कोई झाड़फूंक नहीं, बल्कि प्रार्थना है। इस पर उसका वीडियो बनाने वाले ने कहा कि वह गुटखा बहुत खाता है, छुड़वा दें तो वह कहता है कि प्रार्थना से हो जाएगा।

कहां से दे रहा पैसा, कैसे जुटा रहा संसाधन

कोतवाली में पादरी एलविन इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे सका। इंस्पेक्टर ने पूछा कि उसने नौरंगा में जमीन खरीदकर लाखों रुपये खर्च करके घर कैसे बनाया तो उसने कहा कि पत्नी के नाम लोन कराया है। पुलिस ने लोन देने वाली बैंक के बारे में पूछा तो वह शांत हो गया। उसने कहा कि केरल के उसके घर से 10 हजार रुपये प्रतिमाह किराया आता है और इसी से वह जीवन यापन कर रहा है। इंस्पेक्टर के मुताबिक इतनी कम रकम में हजारों किलोमीटर दूर रहकर वह जीवन यापन कैसे कर रहा है। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार बिष्ट ने बताया कि पादरी पर पैसा देने के आरोप लगे हैं, ऐसे में वह पैसा कहां से दे रहा था और संसाधन कैसे जुटाए, इन सब बिदुओं पर जांच की जा रही है।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
;;
;