ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में भूले तौलिया, 4 महीने बाद ऐसे खुला सारा राज
कानपुर में डॉक्टरों की लापरवाही सामने आई है। ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में तौलिया भूल गए। 4 महीने बाद सारा राज खुला। महिला का दोबारा ऑपरेशन करके तौलिया निकाला गया। महिला के पति ने मामले में शिकायत दर्ज करवाई है।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। पेट दर्द से राहत के लिए ऑपरेशन कराया, लेकिन चार महीने बाद भी दर्द पीछा नहीं छोड़ रहा था। ऑपरेशन के टांकों वाली जगह से मवाद निकलने लगा तो परिजन घबरा गए। महिला को दूसरे अस्पताल ले जाया गया, जहां दोबारा ऑपरेशन के दौरान उसके पेट में तौलिया फंसा मिला। डॉक्टरों ने तौलिया निकाल दिया।
अब महिला के पति ने मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल और कल्याणपुर थाने में शिकायत की है। सोशल मीडिया में मामला वायरल होने पर सीएमओ ने जांच के लिए तीन सदस्यों की टीम गठित की है। कानपुर देहात के किसान वीरेंद्र कुमार की 24 वर्षीय पत्नी सोनी को चार महीने पहले पेट में तेज दर्द हुआ था। परिजन उसे मकसूदाबाद स्थित एक हॉस्पिटल ले गए।
जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चेदानी की ट्यूब फटने और पेट में खून जमा होने की बात बताई। इसके बाद ऑपरेशन की सलाह दी गई। वीरेंद्र का आरोप है कि हॉस्पिटल के संचालक ने कल्याणपुर के पुरानी शिवली रोड के विश्वास हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर में 10 जून 2026 को सोनी का ऑपरेशन कराया। सर्जरी के बाद उसे वापस अपने हॉस्पिटल ले गए, जहां कुछ दिन बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
दर्द लौटा तो निकलने लगा मवाद
वीरेंद्र के अनुसार, कुछ दिन पहले सोनी के पेट में फिर तेज दर्द शुरू हो गया। ऑपरेशन वाली जगह से मवाद निकलने लगा तो उसे 12 अक्टूबर को अकबरपुर के एक अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन की सलाह दी। 13 अक्टूबर को सर्जरी के दौरान पेट के अंदर तौलिया फंसा मिला, जिसे डॉक्टरों ने बाहर निकाल दिया।
परिजनों का आरोप है कि पहले ऑपरेशन के दौरान पेट में तौलिया छूटने के कारण सोनी को दोबारा गंभीर परेशानी झेलनी पड़ी। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। वीरेंद्र का आरोप है कि पत्नी के इलाज और ऑपरेशन के नाम पर उनसे करीब डेढ़ लाख रुपये लिए गए।


