स्कॉलरशिप का इंतजार करते-करते थके जेन जी सड़क पर उतरे, धरने पर बैठ किया प्रदर्शन
कन्नौज में स्कॉलरशिप का इंतजार करते-करते थके जेन जी सड़क पर उतरे और धरने पर बैठकर प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग है कि उन्हें समय पर स्कॉलरशिप मिले। 2 अक्टूबर तक मिलने वाली स्कॉलरशिप अभी तक उनके खातों में नहीं भेजी गई है।

यूपी के कन्नौज में जेन जी सड़क पर उतर आए। तिर्वा के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं का धैर्य गुरुवार को जवाब दे गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 की छात्रवृत्ति अधिकांश छात्रों के खातों में न पहुंचने से नाराज प्रथम से चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर से मुख्य गेट तक धरना देकर प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे चले प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रशासन और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन समाप्त किया। हालांकि देरी होने पर दोबारा प्रदर्शन किए जाने की भी चेतावनी दी गई है।
गुरुवार सुबह करीब नौ बजे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं छात्रावास से निकलकर कॉलेज परिसर में एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप था कि छात्रवृत्ति कुछ विद्यार्थियों के खातों में पहुंच गई है, लेकिन अधिकांश छात्र अभी भी इसके लिए परेशान हैं। छात्रों ने कहा कि छात्रवृत्ति में देरी से उनकी पढ़ाई और अन्य शैक्षिक जरूरतों पर आर्थिक असर पड़ रहा है। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही कॉलेज के निदेशक प्रो. मनोज शुक्ला मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विद्यार्थी अपनी मांग पर अड़े रहे। बाद में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि कई विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति भेजी जा चुकी है और शेष पात्र छात्रों की छात्रवृत्ति भी जल्द उनके खातों में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। निदेशक प्रो. मनोज शुक्ला ने बताया कि छात्रों को समझाकर शांत करा दिया गया है। छात्रों ने जल्द भुगतान नहीं होने पर दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी है।
20 अगस्त को भी हुआ था प्रदर्शन, फिर मिला था आश्वासन
छात्रवृत्ति की मांग को लेकर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र इससे पहले 20 अगस्त को भी धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। उस समय छात्रों की समस्या को देखते हुए समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने लिखित आश्वासन दिया था कि दो अक्टूबर तक सभी पात्र छात्रों की छात्रवृत्ति उनके खातों में पहुंच जाएगी। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी अधिकांश छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिली। छह दिन अतिरिक्त बीतने पर भी भुगतान न होने से छात्रों में नाराजगी बढ़ती गई।
छात्रों की मांग- समय पर मिले छात्रवृत्ति
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने कहा कि छात्रवृत्ति उनके लिए पढ़ाई से जुड़ी जरूरी जरूरतों को पूरा करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कई विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिलने के बाद भी अधिकांश छात्र भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।

