बैंक अकाउंटेंट ने दंपति और मासूम बच्ची को एक महीने से बनाया बंधक, जमीन के लिए पकड़कर रखा

Mar 08, 2026 01:13 pm ISTSrishti Kunj संवाददाता, कल्याणपुर
share

यूपी के कल्याणपुर में बैंक अकाउंटेंट और उसके साथियों ने दो करोड़ की जमीन के लिए शाहजहांपुर निवासी दंपति और उनकी दो वर्षीय बेटी को एक माह तक बंधक बनाकर रखा। जानकारी होने पर परिजनों ने डायल-112 पर सूचना दी तो पुलिस ने शनिवार को मसवानपुर के एक फ्लैट से तीनों को छुड़वाया।

बैंक अकाउंटेंट ने दंपति और मासूम बच्ची को एक महीने से बनाया बंधक, जमीन के लिए पकड़कर रखा

यूपी के कल्याणपुर में बैंक अकाउंटेंट और उसके साथियों ने दो करोड़ की जमीन के लिए शाहजहांपुर निवासी दंपति और उनकी दो वर्षीय बेटी को एक माह तक बंधक बनाकर रखा। जानकारी होने पर परिजनों ने डायल-112 पर सूचना दी तो पुलिस ने शनिवार को मसवानपुर के एक फ्लैट से तीनों को छुड़वाया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है।

उन्नाव के बांगरमऊ के जगतनगर निवासी दिव्या गुप्ता की शादी शाहजहांपुर निवासी ओम गुप्ता से हुई थी। दोनों के दो वर्षीय बेटी अवनी है। दिव्या ने बताया कि माता-पिता की मौत के बाद मायके की 14 बीघा जमीन पर उनका कब्जा है। डेढ़ वर्ष पहले उनके मिलने वाले कारोबारी ने जमीन बेचने के लिए कानपुर के कल्याणपुर निवासी प्रापर्टी डीलर एवं उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के एकाउंटेंट दीपक गंगवार से मुलाकात कराई। प्रापर्टी डीलर ने जमीन की कीमत 71 लाख रुपये तय कर एक लाख बयाना देकर एग्रीमेंट करा लिया।

दिव्या ने आरोप लगाया कि दीपक ने जमीन संबंधित काम बताकर पांच फरवरी को उन्हें परिवार समेत विजय नगर बुलाया। पांच कारों से आए प्रापर्टी डीलर और उसके गुर्गों ने पूरे परिवार को बंधक बना लिया और किसी होटल ले गए। इतनी कम कीमत में बैनामा से इंकार करने पर पति और बेटी को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मसवानपुर में एक फ्लैट किराए पर लेकर बंधक बना लिया। एसीपी कल्याणपुर ने बताया, प्राथमिक जांच में प्रॉपर्टी को लेकर विवाद की बात सामने आई है।

तहसील में मां-बेटियों ने साइंटिस्ट को एक मिनट में मारीं 50 जूतियां

यूपी में कानपुर के घाटमपुर में तहसील परिसर का एक सनसनीखेज वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कार में बैठे फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में सीनियर साइंटिस्ट को मां-बेटियां बुरी तरह से पीटती नजर आ रही हैं। इसके बाद कार से खींचकर मां-बेटियों ने करीब एक मिनट में साइंटिस्ट को 50 जूतियां मारीं। लोग ‘इसे बचाओ, इसे बचाओ कहते तो सुनाई दे रहे लेकिन कोई पास नहीं जा रहा था। बाद में बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस के सामने भी साइंटिस्ट को तीनों पीटती रहीं। बड़ी मुश्किल से उन्हें बचाकर मौके से ले जाया गया। हालांकि आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। दोनों पक्ष जमीन के विवाद में तारीख पर कोर्ट पहुंचे थे। महिला ने साइंटिस्ट पर दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज कराया था लेकिन साक्ष्यों के अभाव में पुलिस फाइनल रिपोर्ट लगा चुकी है।

बर्रा दो निवासी संतोष कुरील ने बताया कि वह फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में सीनियर साइंटिस्ट पद पर झांसी में तैनात हैं। उनके रिश्तेदार कैलाश की चंवर गांव की जमीन को रेउना क्षेत्र के एक गांव निवासी रेलकर्मी ने धोखाधड़ी से खरीदी थी। आरोप है कि रेलवेकर्मी ने एग्रीमेंट कराने के नाम पर धोखे से बैनामा करा लिया था और इसके बाद दाखिल-खारिज भी करा लिया था। इस पर उन्होंने पैरवी करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पहली बार मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लग गई तो अधिकारियों के आदेश पर पुनः विवेचना शुरू हुई।

इसकी तारीख शनिवार को घाटमपुर सिविल कोर्ट (जूनियर डिवीजन) में थी। यहां रेलवेकर्मी की पत्नी और बेटियां आईं थीं। संतोष का आरोप है कि पहले मां-बेटियों ने वकील के चैंबर में घुसकर उसे धमकाया। उन्होंने तहसील दिवस में शिकायत भी की। इसके बाद कार में बैठते ही मां-बेटियों ने उन्हें पीट दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला ने साइंटिस्ट पर गालीगलौज का आरोप लगाया। कहा कि समझौते के नाम पर उसने चार लाख रुपये ले लिए और धमकाकर दुष्कर्म भी करता रहा। इस कारण उससे मारपीट की। घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि संतोष ने तहरीर दी है। जांच पड़ताल कर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।