यूपी में कल का मौसम, 13 जुलाई: 7 जिलों में भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
यूपी में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों का अनुमान जताया है। वहीं, उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना है।

यूपी में कल का मौसम, 13 जुलाई: उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को दी।
आईएमडी के अनुसार, राजधानी लखनऊ में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हालांकि, दिन के समय मौसम काफी हद तक साफ रहने का अनुमान है। शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश में जिन इलाकों में बारिश हुई है, खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में, वहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गोरखपुर में रविवार को 12.6 मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, लखीमपुर खीरी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उरई का पारा 40 डिग्री का पारा
दूसरी ओर, उरई प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल सामान्य से कम सक्रिय है। एक जून से 12 जुलाई के बीच प्रदेश में 190.9 मिमी सामान्य वर्षा के मुकाबले 158.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 17 प्रतिशत कम है।
क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में अब तक सामान्य से 35 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का वितरण भी असमान रहा है। मेरठ में सामान्य से 194 प्रतिशत और मुजफ्फरनगर में 191 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा संभल, एटा, हाथरस और फिरोजाबाद में भी सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है। वहीं, पीलीभीत, गौतमबुद्ध नगर, शामली और मैनपुरी जैसे जिलों में अब भी सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
13 जुलाई यानी सोमवार को देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
आकाशीय बिजली गिरने से धान की रोपाई कर रही महिला की दर्दनाक मौत
उधर, श्रावस्ती के कोतवाली भिनगा क्षेत्र के परसिया राजा गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परसिया राजा गांव की अनीता देवी (38 वर्ष) पत्नी ननके खेत में धान की रोपाई कर रही थी। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली भिनगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस दर्दनाक हादसे से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

