यूपी: जहां 100 नहीं बैठ सकते थे वहां 250 को कैसे दी ट्रेनिंग? स्किल डेवलेपमेंट में धांधली; 2 अफसर सस्पेंड

लाइव हिन्दुस्तान
share

शासन ने बहराइच की तत्कालीन समाज कल्याण अधिकारी और उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के तत्कालीन प्रभारी महाप्रबंधक को सस्पेंड कर दिया। स्किल डेवलेपमेंट ट्रेनिंग में बड़ी धांधली सामने आई है। प्रशिक्षण के लिए जहां 100 लोग नहीं बैठ सकते थे, वहां 250 से अधिक को ट्रेनिंग देने का दावा किया गया।

Skill Development Training (Representative Image)
स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग (सांकेतिक फोटो)

लखनऊ, विनोद पांडेय। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम में स्किल डेवलेपमेंट ट्रेनिंग में बड़ी धांधली सामने आई है। शासन ने मानकों के विपरीत प्रशिक्षण देने के मामले में लापरवाही बरतने पर दो अधिकारियों को तो निलंबित कर दिया लेकिन प्रशिक्षण देने वाली संस्था गंभीर अनियमतता के बावजूद बच निकली। अब इस मामले में अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। अनुसूचित जाति के बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने के लिए स्किल डेवलेपमेंट ट्रेनिंग के नाम पर बहराइच में बड़ी गड़बड़ी सामने आई। जांच में पता चला है कि प्रशिक्षण के लिए जहां 100 लोग नहीं बैठ सकते थे, वहां 250 से अधिक लोगों को ट्रेनिंग देने का दावा किया गया।

शासन ने बहराइच की तत्कालीन समाज कल्याण अधिकारी और उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के तत्कालीन प्रभारी महाप्रबंधक को निलंबित कर दिया लेकिन ट्रेनिंग देने वाली निजी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई पर सभी ने चुप्पी साध ली। हद तो यह हुई कि ट्रेनिंग पार्टनर को सिर्फ 30 फीसदी अग्रिम भुगातन करने के बजाये 50 फीसदी भुगतान कर दिया गया। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के तहत दलित समाज के बेरोजगारों को कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाता है। केंद्र पोषित इस योजना का संचालन समाज कल्याण विभाग के आधीन उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम करता है। प्रशिक्षण के लिए कई निजी संस्थाओं का चयन किया गया। पिछले वर्ष बहराइच में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई। शिकायत पर समाज कल्याण निदेशालय से जांच कराई गई।

जांच रिपोर्ट के मुताबिक वित्तीय नियमों, शासनादेशों स्किल डेवलेपमेंट मिशन के प्रावधानों का खुला उल्लंघन किया गया। प्रशिक्षण सहयोगी (ट्रेनिंग पार्टनर) का चयन नामांकन के आधार पर किया गया, जबकि टेंडर के जरिए किया जाना था। जांच में चयनित संस्थाओं की तकनीकी क्षमता, अनुभव, संसाधन, प्रशिक्षण ढांचा के निर्धारित मानकों का मूल्यांकन से संबंधित कोई अभिलेख नहीं मिले। इस आधार पर जांच टीम ने प्रशिक्षण की वास्तविकता तथा गुणवत्ता पर संदेह जताया। इसके लिए अनुगम के प्रभारी महाप्रबंधक/ जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार पांडेय को जुलाई में और बहराइच की तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) श्रद्धा पांडेय को निलंबित कर दिया गया लेकिन प्रशिक्षण देने वाली संस्थाओं पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इन्हें प्रशिक्षण के बाद भुगतान भी कर दिया। इस संबंध में अनुगम के प्रबंध निदेशक शिव प्रसाद को फोन किया गया, मैसेज किया गया लेकिन किसी का जवाब नहीं दिया।

‘निदेशालय की भूमिका सिर्फ जांच तक सीमित’

समाज कल्याण निदेशक संजीव सिंह का कहना है कि निदेशालय की भूमिका सिर्फ जांच तक सीमित थी। प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव ने फोन पर कहा कि मैसेज कर दीजिए। व्हाट्सएप मैसेज करने के पांच दिन बाद भी कोई जवाब नहीं आया।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयूपी: जहां 100 नहीं बैठ सकते थे वहां 250 को कैसे दी ट्रेनिंग? 2 अफसर सस्पेंड