यूपी के 11 शहरों में आग उगल रहा सूरज, जहां सबसे ज्यादा पड़ रही है गर्मी वहां कैसा है लोगों का हाल?
उत्तर प्रदेश के 11 शहरों में सूरज आग उगल रहा है जहां मंगलवार को पारा 43 डिग्री के पार चला गया है। इनमें सबसे ऊपर बांदा रहा। इसके बाद आगरा ताज, झांसी , प्रयागराज , उरई , कानपुर , मुजफ्फरनगर , अलीगढ़ और इटावा (43.0 डिग्री) शामिल हैं। भीषण गर्मी की वजह से लोगों का हाल बेहाल है। लू जानलेवा हो रही है।

UP Weather : यूपी के 11 शहरों में सूरज आग उगल रहा है। सबसे ज्यादा गर्मी बुंदेलखंड के बांदा में पड़ रही है जहां मंगलवार को रिकॉर्ड 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बांदा के लोगों का गर्मी से बुरा हाल है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 37 साल बाद बांदा का तापमान 48 डिग्री के ऊपर पहुंचा है। भीषण गर्मी की वजह से दोपहर में ज्यादातर सड़कों और बाजार में सन्नाटा पसरा गया। सुबह से ही आसमान से अंगारे बरसे और धरती तवे की तरह तपती रही। सुबह 10 बजे से ही गर्मी को देखते हुए लोग बाहर निकलने से किनारा काटने लगे थे। तपन को देखते हुए ज्यादातर लोग घरों में ही दुबके रहे। मौसम विभाग ने बांदा जनपद को रेडजोन घोषित किया है। जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।
प्रदेश के 11 शहरों में सूरज आग उगल रहा है जहां मंगलवार को पारा 43 डिग्री के पार चला गया है। इनमें सबसे ऊपर बांदा (48.2 डिग्री) रहा। इसके बाद आगरा ताज (46.5), झांसी (46.5), प्रयागराज (45.8), उरई (45.2), कानपुर आईएएफ (44.8), कानपुर सीएसए (44.0), मुजफ्फरनगर (43.6), अलीगढ़ (43.4), चुर्क (43.2) और इटावा (43.0 डिग्री) शामिल हैं। इसके अलावा फतेहगढ़, वाराणसी बीएचयू (44.5), हरदोई, फुर्सतगंज में पारा 42 डिग्री से ज्यादा रहा। राजधानी लखनऊ में भी मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग के लिए रेड वार्निंग और राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए ऑरेंज वार्निंग जारी की है।
वहीं, बांदा में लू अब जानलेवा हो रही है। दावा किया जा रहा है कि लू और गर्मी की चपेट में आने से मंगलवार को एक किसान की खेत में मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है। पेट दर्द और डायरिया से पीड़ित करीब एक दर्जन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हीटस्ट्रोक के चलते अस्पताल खुलते ही मरीजों की पर्चा काउटंर में भीड़ जमा हो रही है।
पर्चा बनवाने के बाद मरीज डॉक्टरों की ओपीडी के बाहर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कमासिन थाना क्षेत्र के ममसी खुर्द गांव निवासी रणधीर ने बताया 42 वर्षीय भाई देव प्रसाद सोमवार दोपहर में खेत में वह अरहर की कुटाई कर रहा था। इसी बीच लू ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घरवालों ने देशी इलाज किया। रात को खाना खाने के बाद सो गया। सुबह वह चार पाई पर मृत मिला। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में चीख पुकार मच गई। मृतक के पास ढाई बीघा जमीन है। वह किसानी करता था। उसके दो पुत्र तीन पुत्रियां हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत होने की पुष्टि की है।
ये हुए भर्ती
बांदा में डायरिया और पेट दर्द से पीड़ित सहेवा निवासी दो वर्षीय अरविंद, शंकर नगर निवासी कनक, चमरौड़ी निवासी नेहा, क्योटरा निवासी गया श्री, कटरा निवासी गौरव, तिंदवारी निवासी रोशनी, गोधनी गांव निवासी ललिता, जमुनीपुर निवासी जयकरन हथौरा गांव निवासी गुंजा, महुआ निवासी राहुल, इंद्रानगर निवासी भूरी, अलीगंज निवासी कलावती को भर्ती कराया गया।
जूनियर तक बंद रहे स्कूल
अलर्ट जारी होने के बाद जिला प्रशासलन ने जूनियर स्तर तक स्कूल बंद रखा। बीएसए बीके शर्मा ने सोमवार देर शाम आदेश जारी कर दिए थे। जिसमें सभी जूनियर हाईस्कूल तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया था। 20 मई से प्रदेश भर के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में बुधवार से गर्मी की छुट्टी शुरू हो गई है। 15 जून तक छुट्टियां रहेंगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
बढ़ते तापमान से घट गई रोडवेज की आय
जिले में बढ़ते तापमान का असर रोडवेज सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। मजबूरी में यात्रा करने के लिए लोग निकल रहे हैं। बांदा डिपो के एआरएम डीके चौबे ने बताया कि एक दिन की आय करीब 22 लाख थी जो घटकर 21 लाख रह गई है। अब तापमान और बढ़ रहा है इससे अब और ज्यादा लोड फैक्टर गिर सकता है।
राहत के लिए वार्डों मे लगे एसी
जिला अस्पताल के सीएमएस के कुमार ने बताया कि प्रचंड गर्मी को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने मरीजों को गर्मी से बचाने के लिए वार्डों मे एसी की व्यवस्था की है। इतना ही नहीं ट्रामा सेंटर में कूलरों की व्यवस्था की गई है।
बांदा रेड जोन घोषित, प्रशासन हुआ अलर्ट
बांदा में दो दिनों से तापमान 47 डिग्री के ऊपर है। मौसम विभाग ने दिनों में हीटवेव और भीषण लू चलने की संभावना जाहिर की है। बांदा जनपद को रेडजोन में शामिल किया गया है। एडीएम कुमार धर्मेंद्र ने आम जनमानस से सतर्कता एवं जरूरी बचाव के उपाय करने की अपील की गई है।
रेड अलर्ट (भीषण लू क्षेत्र)
बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी एवं आसपास।
ऑरेंज अलर्ट (गंभीर लू क्षेत्र)
कौशाम्बी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर नगर-देहात, रायबरेली, औरैया और ललितपुर।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

