
घर से गायब नाबालिग मकान में मिली बेसुध, सहेली के पिता ने दोस्तों संग मिल किया गैंगरेप
यूपी के हापुड़ में पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 14 वर्षीय किशोरी के साथ उसकी सहेली के पिता ने अपने दोस्तों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित किशोरी बीती 13 नवंबर को अपने घर से गायब हो गई थी।
यूपी के हापुड़ में पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 14 वर्षीय किशोरी के साथ उसकी सहेली के पिता ने अपने दोस्तों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित किशोरी बीती 13 नवंबर को अपने घर से गायब हो गई थी। 25 नवंबर को वह एक आरोपी के मकान में बेसुध अवस्था में मिली। जिसके बाद उसन जो जानकारी दी, उसके बाद सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। सहेली ने ही पीड़िता के नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई थी। जिसके बाद आरोपियों ने बारी-बारी से इस संगीन वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि उसके पति गुर्दें की बीमारी से ग्रस्त है। जिस वजह से वह अपन परिवार में अकेली कमाने वाली है। बीती 13 नवंबर को उसकी 14 वर्षीय पुत्री घर से अचानक से गायब हो गई थी। काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका पता नहीं लग सका था।
जिसके बाद पीड़िता की मां ने कोतवाली गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जिसके बाद बीती 25 नवंबर को उनकी नाबालिग पुत्री गांधी बाजार निवासी नरेश के मकान से बेसुध हालत में मिली। जिसके बाद पीड़िता किशोरी ने अपनी मां को बताया कि उसकी सहेली ने उसे अपने घर बुलाया था। जहां पर सहेली ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिला दी थी। इसके बाद वह बेसुध हो गई थी। पीड़ित किशोरी ने अपने परिजन को बताया कि सहेली के पिता आशीष ने अपने दोस्त नरेश और हेमंत के बुला लिया था।
पीड़िता पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह से मिली और पूरे घटनाक्रम से उन्हें अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।इस मामले में पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यौपाल सिंह ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने हेमंत और नरेश को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि पिता और पुत्री की पुलिस तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया की कार्रवाई हो रही है।
त्वरित संज्ञान लेती पुलिस को पकड़े जाते आरोपी
सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई पीड़िता के परिजनों का कहना है कि यदि पिलखुवा पुलिस इस मामले में त्वरित संज्ञान लेकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करती तो फरार आरोपी सलाखों के पीछे होते। लेकिन पुलिस की लापरवाही के कारण आरोपी पिता और पुत्री फरार हैं। 12 दिनों तक आरोपियों ने उनकी मासूम बच्ची को घर में बंधक बनाकर रखा।





