हमीपुर में लव जिहाद पर पुलिस का बड़ा एक्शन, आरोपितों के लॉज और आरा मशीन किया सील
हमीरपुर में नाबालिग किशोरी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। नामजद पिता-पुत्र मौलाना खान और अबान उर्फ अफ्फान के लॉज पर पुलिस ने ताला लगा दिया। उनकी आरा मशीन को भी सीज कर दिया। वहीं, एनकाउंटर में गोली से घायल मुख्य आरोपी कानपुर में भर्ती है।

यूपी के हमीरपुर में नाबालिग किशोरी को लव जिहाद में फंसा कर उसके साथ दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को भी ताबड़तोड़ कार्रवाई की। नामजद पिता-पुत्र मौलाना खान और अबान उर्फ अफ्फान के लॉज पर पुलिस ने ताला लगा दिया। उनकी आरा मशीन को भी सीज कर दिया। पुलिस एनकाउंटर में गोली से घायल मुख्य आरोपी अबान कानपुर में भर्ती है। उसने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसने अपने पिता के इसी इंडिया लॉज में किशोरी के साथ दरिंदगी की थी।
गुरुवार को मुस्लिम युवक अबान के साथ हिंदू किशोरी का अश्लील वीडियो वायरल होने पर हड़कंप मच गया था। हिन्दूवादी संगठनों ने दिनभर हंगामा-बवाल किया। थाना घेरा और मुख्य आरोपी अबान उर्फ अफ्फान के घर पर पथराव व तोड़फोड़ भी की थी। देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में अबान को धर दबोचा था। पुलिस की गोली से घायल अबान को रात में ही कानपुर रेफर कर दिया गया है जबकि पिता को पुलिस ने हिरासत में ले रखा है।
थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया है कि उसने रेप की घटना बस स्टैंड के समीप संचालित अपने पिता मौलाना खान के इंडिया लॉज में अंजाम दी थी और वहीं पर वीडियो भी बनाया। इसमें पिता का भी सहयोग रहा। जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस टीम ने इंडिया लॉज खाली कराकर ताला बंद करा दिया। साथ ही लॉज में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी कब्जे में ली है। पुलिस लॉज को मुकदमे में घटना स्थल बनाकर सीज करने की तैयारी कर रही है।
सिंचाई विभाग की बंधी में खड़ा किया गया लॉज
जिस इंडिया लॉज में किशोरी का अश्लील वीडियो बनाकर रेप किया गया। वो सिंचाई विभाग की बंधी को ध्वस्त कर बनाया गया था। इसका एक मुकदमा हाईकोर्ट में दाखिल हुआ था। हाईकोर्ट ने सरकारी बंधी पर बने सभी भवनों को ढहाने के आदेश पारित किए थे। लेकिन प्रशासन के मोहलत मांग लेने के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
पिता पुलिस हिरासत में, बेटा कानपुर में भर्ती
किशोरी का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने वाला मुख्य आरोपी अबान उर्फ अफ्फान इस वक्त कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती है। गोली उसके दाहिने पैर में घुटने के पास लगने के बाद आरपार हो गई है। जबकि पुलिस ने सुबह ही आरोपी के पिता मौलाना खान को घर से गिरफ्तार कर लिया था जो कि पुलिस कस्टडी में है।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



