
यूपी सरकार का ऐक्शन, मैनपुरी के अपर मुख्य अधिकारी और अभियंता समेत तीन अफसर सस्पेंड
आजमगढ़ में तैनाती के दौरान विकास कार्यों में अनियमितता बरतने और गलत तरीके से टेंडर करने के मामले में शासन ने मैनपुरी के जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी विद्याशंकर पांडेय, हापुड़ में तैनात अभियंता रवींद्र यादव समेत तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।
यूपी सरकार ने आजमगढ़ में तैनाती के दौरान विकास कार्यों में अनियमितता बरतने और गलत तरीके से टेंडर करने के मामले में शासन ने मैनपुरी के जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी विद्याशंकर पांडेय, हापुड़ में तैनात अभियंता रवींद्र यादव समेत तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए तीनों अधिकारियों को शासन ने लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। भाजपा के लालगंज के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने जिला पंचायत में वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रकाशित निविदाओं में गंभीर अनियमितता कर लाखों रुपये के गबन करने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की थी।
अपने शिकायती पत्र में उन्होंने 8 दिसंबर 2023 को प्रकाशित निविदा के अंतर्गत 160 कार्यों की सूची में क्रमांक 58, 59, 60, 65, 104, 108,113 एवं 130 पर अंकित कार्यों पर आपत्ति जताई थी। उनकी शिकायत थी कि ये परियोजनाएं 5 से 7 माह पूर्व पूरी करा ली गई थीं। इसके बाद टेंडर निकालकर लाखों रुपये का गबन किया गया। तत्कालीन जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी संजय सिंह के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम ने जांच की। जांच में शिकायत सही पाई गई। जिसके बाद डीएम ने इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी थी।
शासन ने आजमगढ़ जिला पंचायत के तत्कालीन अपर मुख्य अधिकारी विद्याशंकर पांडेय (वर्तमान में मैनपुरी में तैनात), तत्कालीन अभियंता रवींद्र यादव (वर्तमान में हापुड़ में तैनात) के साथ ही अवर अभियंता गणेश पाल को निलंबित कर दिया। निलंबित अधिकारियों को शासन ने लखनऊ स्थित मुख्यालय में संबद्ध कर दिया है।





