यूपी के सरकारी कर्मचारियों के संगठन ने CM योगी से मांगा NCA, कहा-बुढ़ापे में ऐसी सुविधा जरूरी
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के इस मांग पत्र में कहा गया है कि एनसीए में एक ही छत के नीचे वृद्धजनों के लिए सभी जरूरी इलाज मुहैया कराए जाते हैं। इसका मकसद यह है कि वृद्धजनों को एम्स के अन्य विभागों के चक्कर लगाकर इलाज न कराना पड़े। यूपी के संस्थानों में भी एनसीए जैसी व्यवस्था मुहैया कराई जा सकती है।

उत्तर प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के संगठन राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने सीएम योगी आदित्यनाथ् से दिल्ली एम्स (AIIMS) के नेशनल सेंटर फॉर एजिंग (NCA) की तर्ज पर यूपी में भी बुजुर्गों के इलाज के लिए अलग से सेंटर बनाने की मांग की है। परिषद ने कहा है कि वृद्धावस्था में इलाज के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े इसके लिए एक छत के नीचे सभी जरूरी इलाज मुहैया कराने वाला ऐसा सेंटर बेहद जरूरी है। इसके साथ परिषद ने 70 वर्ष से ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों को भी आयुष्मान स्वास्थ्य योजना से जोड़कर इलाज कराने के सरकार के निर्णय की तारीफ की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के इस मांग पत्र में कहा गया है कि पहले से ही गरीबी रेखा से नीचे के नागरिक और प्रदेश के राज्य कर्मचारी इस योजना से जुड़े थे। अब शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को भी आयुष्मान स्वास्थ्य योजना की पात्रता की श्रेणी में ले लिया गया है लेकिन वर्तमान स्वास्थ्य व्यवस्था इतने अधिक नागरिकों के लिए पर्याप्त नहीं हो पा रही है। इस वजह से कभी-कभी मरीजों को भटकना पड़ता है। खासतौर पर 60 साल ऊपर वाले पूर्व कर्मचारी मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
परिषद के अध्यक्ष इ.हरि किशोर तिवारी ने बताया कि हाल में वह दिल्ली एम्स में गए थे। वहां पर नेशनल सेंटर फॉर एजिंग (NCA) है। यह सेंटर एक बहुमंजिला भवन में चलता है जो खास तौर पर वृद्धजनों के लिए समर्पित रिसर्च और ट्रीटमेंट (शोध एवं उपचार) के लिए बना है। इसकी खासियतें बताते हुए उन्होंने कहा कि इस सेंटर में एक ही छत के नीचे वृद्धजनों के लिए सभी जरूरी इलाज मुहैया कराए जाते हैं। इसका मकसद यह है कि वृद्धजनों को एम्स के अन्य विभागों के चक्कर लगाकर इलाज न कराना पड़े। Geriatric (वृद्धावस्था) Medicine विभाग बुजुर्गों की देखभाल का मुख्य केंद्र है।
उन्होंने बताया कि इससे मानसिक रोग विभाग, आर्थोपेडिक विभाग, न्यूरोलॉजी विभाग, कार्डियोलॉजी विभाग, यूरोलॉजी विभाग और सर्जरी विभाग जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यहां डिमेंशिया (भूलने की बीमारी) और अल्जाइमर पीड़ित बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था है। बुजुर्गों के सुनने की समस्या के समाधान के लिए भी अलग से व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि यह विश्व स्वास्थ्य संगठन का सहयोगी केंद्र भी है। यहां उम्र बढ़ने के वैज्ञानिक कारणों वृद्धावस्था और बीमारियों पर बड़े स्तर पर रिसर्च और डॉक्टरों की ट्रेनिंग होती है। इसके लिए यहां 200 बेड रिजर्व किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यूपी के एम्स, मेडिकल कॉलेजों, एसजीपीजीआई और राम मनोहर लोहिया जैसे संस्थानों में भी एनसीए की तर्ज पर स्वास्थ्य व्यवस्था मुहैया कराई जा सकती है।

