यूपी में मरीज माफिया का चल रहा खेल, मृत बच्ची को निजी अस्पताल ले जाने की साजिश
यूपी के गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सरकारी एम्बुलेंस से इलाज कराने आई बच्ची को निजी अस्पताल ले जाने के मामले में गुलरिहा पुलिस ने एम्बुलेंस चालक, ईएमटी, दो अस्पतालों के मैनेजर सहित छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

यूपी के गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सरकारी एम्बुलेंस से इलाज कराने आई बच्ची को निजी अस्पताल ले जाने के मामले में गुलरिहा पुलिस ने एम्बुलेंस चालक, ईएमटी, दो अस्पतालों के मैनेजर सहित छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों को पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, ईएमटी की मदद से मरीज माफिया परिजनों को बरगलाकर मृत बच्ची का इलाज कराने के नाम पर निजी अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी में थे। सरकारी एम्बुलेंस के ईएमटी और चालक ने निजी अस्पताल से संपर्क कर मरीज को वहां भेजने की कोशिश की। बीआरडी के मेन गेट के पास स्थित शौचालय के बाहर निजी एम्बुलेंस में बच्ची को ले जाते समय गार्डों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
गुलरिहा पुलिस ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 14 अप्रैल को सिद्धार्थनगर जिले से गंभीर हालत में बच्ची को 108 सरकारी एम्बुलेंस से बीआरडी लाया गया था। 500 बेड के बाल रोग संस्थान में ईएमटी वेद प्रकाश और चालक राहुल ने बच्ची को दिखाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों बच्ची को बाहर ले आए और परिजनों से कहा कि उसकी हालत गंभीर है और वेंटिलेटर भी खाली नहीं है, इसलिए परिचित के निजी अस्पताल में भर्ती करा दें।
डरे-सहमे परिजनों की सहमति मिलने पर ईएमटी वेद प्रकाश (निवासी भागलपुर, थाना पीपीगंज) और राहुल (निवासी कटुई, थाना ललिया, जिला बलरामपुर) ने तारामंडल स्थित सानवी अस्पताल के मैनेजर राहुल शर्मा को फोन किया। राहुल शर्मा ने दूरी का हवाला देकर फातिमा रोड स्थित गौरी अस्पताल के मैनेजर अंकित शुक्ला को जानकारी दी। इसी दौरान सानवी अस्पताल की एम्बुलेंस के चालक गुंजेश यादव ने बीआरडी गेट के पास स्थित शौचालय के बाहर बच्ची को निजी एम्बुलेंस में बैठाने का प्रयास किया, लेकिन गार्डों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी।
पकड़े जाने के बाद आरोपितों ने बचने के लिए आनन-फानन में मृत बच्ची की दोबारा पर्ची तक कटवा दी, ताकि कार्रवाई से बच सकें। पूछताछ में सामने आया कि गैंगस्टर राहुल शर्मा (निवासी गाईबेला, थाना सिकरीगंज) के खिलाफ 31 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसकी अंकित शुक्ला (निवासी पकड़ी मिसरा, थाना कटया, जिला गोपालगंज) से मिलीभगत है। दोनों देवरिया, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के कई सरकारी एम्बुलेंस चालकों से साठगांठ कर मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजते थे। इसके बदले ईएमटी और चालक 5 से 10 हजार रुपये तक कमीशन लेते थे। इसके बाद निजी एम्बुलेंस चालक गुंजेश यादव (निवासी बंधवा, थाना रामकोला, जिला कुशीनगर) और अमन पांडेय (निवासी घोरही, थाना महुली, जिला संतकबीरनगर) मरीजों को बीआरडी से निजी अस्पताल तक पहुंचाने का काम करते थे।
बीआरडी के प्राचार्य की तहरीर पर दर्ज हुआ केस
बीआरडी प्राचार्य रामकुमार जायसवाल की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने बुधवार देर रात निजी एम्बुलेंस चालक व अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच में सभी आरोपितों की संलिप्तता सामने आने पर गुरुवार सुबह बीआरडी के सीआरसी बिल्डिंग के पीछे से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

