जमीन पर कराहता रहा युवक दबंग बरसाते रहे लाठी-डंडे, डीजे पर डांस के विवाद में पीटकर हत्या

Feb 12, 2026 07:02 am ISTSrishti Kunj हिन्दुस्तान संवाददाता, गोरखपुर
share

यूपी के गोरखपुर में सिकरीगंज क्षेत्र के हरिजनपुर गांव में मंगलवार की रात डीजे पर डांस को लेकर विवाद में मनबढ़ों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। इलाज के दौरान बुधवार सुबह युवक की मौत हो गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जमीन पर कराहता रहा युवक दबंग बरसाते रहे लाठी-डंडे, डीजे पर डांस के विवाद में पीटकर हत्या

यूपी के गोरखपुर में सिकरीगंज क्षेत्र के हरिजनपुर गांव में मंगलवार की रात डीजे पर डांस को लेकर विवाद में मनबढ़ों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। इलाज के दौरान बुधवार सुबह युवक की मौत हो गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने थाने का घेराव किया। पुलिस ने पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार किया है।

सहजनवा थाना क्षेत्र के चिरईयाढाड़ गांव के मुनीब चौहान (19) की बहन सरोजा देवी ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि 10 फरवरी को उसके भाई अनिल की साली की शादी हरिजनपुर में थी। दूसरा भाई मुनीब शादी में शामिल होने गया था। रात करीब 10 बजे डीजे पर डांस को लेकर कुछ युवकों से मुनीब का विवाद हो गया। सत्येंद्र, निक्कू व अन्य लोगों ने लाठी-डंडे से मुनीब पर हमला कर दिया। मुनीब को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पांच आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आकाश चौहान और बॉबी चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

जमीन पर कराहता रहा मुनीब मनबढ़ बरसाते रहे लाठी-डंडे

सिकरीगंज इलाके में शादी समारोह में डीजे पर डांस का विवाद इस कदर गहरा गया कि मनबढ़ों ने बेरहमी से पीटकर एक युवक की जान ले ली। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ‘हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। हालांकि उस वीडियो में लोगों की बर्बरता नजर आ रही है। युवक के नीचे जमीन पर गिरते ही कई लोग उसे लाठी-डंडे से पीट रहे थे तो कुछ युवक लात-घूंसों से मारते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग बचाने की कोशिश भी कर रहे हैं लेकिन उनकी कोशिश गुस्से के आगे बेकार साबित हुई और युवक की इस कदर पिटाई की गई कि उसकी मौत हो गई।

मृतक मुनीब अपने भाई के ससुराल शादी समारोह में शामिल होने गया था। बताया जा रहा है कि कुछ लोग रात ग्यारह बजे भी डीजे को बंद नहीं करने दे रहे थे। आसपास के लोगों ने शिकायत भी शुरू कर दी थी। मुनीब पहले समझाने गया, लेकिन फिर उसे पकड़कर लोग नाचने लगे। नाचने का विरोध करने पर विवाद बढ़ता गया और इसके बाद कुछ युवक इस कदर गुस्से में आ गए कि उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दिए। उसे तब तक पीटा गया, जब तक की वह अधमरा नहीं हो गया।

बताया जा रहा है कि उसे मरा समझकर ही छोड़ा गया था लेकिन उसकी सांसे तब चल रही थी। आनन-फानन परिजन अस्पताल ले गए लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। बुधवार को उसकी मौत हो गई। अब पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। एसपी साउथ, दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। जबकि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

चार भाइयों में सबसे छोटा था

सरोजा देवी ने बताया कि मुनीब चार भाईयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई राजेश और सुनील जम्मू में व अनिल दुबई रहते हैं। घर पर पिता रामभवन चौहान और मां के साथ रहता था। मुनीब बीएसएफ की तैयारी कर रहा था।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |