बाढ़ का कहर! सरयू नदी बढ़ने से दर्जनभर गांव घिरे, कछार-देवार में नाव पर जिंदगी

हिंदुस्तान संवाददाता, गोरखपुर
Follow us on Google News
share

बाढ़ का कहर जारी है। गोरखपुर में सरयू नदी बढ़ने से दर्जनभर गांव घिर गए हैं। कछार-देवार में नाव पर जिंदगी चल रही है। राम जानकी मार्ग से ज्ञानकोल अपने घर और स्कूल बच्चे नाव से जा रहे हैं। सरयू के बढ़ते जलस्तर से कोलखास, ज्ञानकोल समेत दर्जन भर गांव घिरे हैं।

River Water Level rising
नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ के हालात हो गए हैं।

यूपी के गोरखपुर में सरयू और राप्ती नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने बड़हलगंज विकासखंड के कछार और देवार क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। नदियों का पानी तेजी से फैलने के कारण दर्जनों गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। कई संपर्क मार्गों पर पानी पहुंच जाने से आवागमन प्रभावित है और ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आने-जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।

मंगलवार को छुट्टी के बाद आधा दर्जन बच्चे नाव से ज्ञानकोल स्थित घरों को जाते नजर आए। सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर से बगहा, ज्ञानकोल, कोलखास, अजयपुरा, खैराटी, गोनघट, कोटिया निरंजन, कोटिया दीपशाह, गोरखपुरा, बल्थर तथा जैतपुर खड़ेसरी के बृजराज टोला समेत आसपास के कई गांव प्रभावित हैं। वहीं, राप्ती के बढ़ते जलस्तर से लखनौरी-हिंगुहार संपर्क मार्ग पर पानी चढ़ गया है।

खतरे के निशान से 66 सेंमी ऊपर बह रही सरयू

सरयू का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। तुर्तीपार में नदी खतरे के निशान से 66 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। पिछले 24 घंटे में नदी के जलस्तर में 6 सेंटीमीटर की बढोतरी हुई है। उधर, गंगा का जलस्तर भी काफी बढ़ने से अब सरयू के बैकफ्लो मारने का डर सता रहा है। सरयू का जलस्तर बढ़ने से बड़हलगंज में मुक्तिपथ पर सभी 40 प्लेटफार्म डूब गए हैं।

केन्द्रीय जल आयोग के आंकड़े के मुताबिक, तुर्तीपार में मंगलवार को सुबह आठ बजे सरयू नदी का जलस्तर 64.610 पर था, जबकि बुधवार को सुबह आठ बजे यह 64.670 पहुंच गया। बर्डघाट में राप्ती नदी का जलस्तर मंगलवार को 72.600 पर था। सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता विकास सिंह का कहना है कि राप्ती और रोहिन नदी का जलस्तर कम हो रहा है। वहीं, सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

रोजमर्रा की जिंदगी हुई प्रभावित

बाढ़ का पानी फैलने से ग्रामीणों के सामने पशुओं के चारे से लेकर दैनिक जरूरतों का सामान जुटाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। संपर्क मार्गों पर पानी भरने से बाजार और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है।

बाढ़ चौकियों पर राजस्व कर्मी तैनात

बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ चौकियों पर राजस्व कर्मियों की तैनाती की है। कर्मचारी प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रख रहे हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि सरयू व राप्ती का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में स्थिति व गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पशुओं के चारे की व्यवस्था करने तथा राहत बचाव की तैयारियां मजबूत करने की मांग की है।

बाढ़ प्रभावित तक निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के निर्देश

सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बुधवार को बड़हलगंज के निकट डेरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित हिस्से का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों तक सतत स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का निर्देश दिया। बाढ़ प्रभावित लखनौरा-लखनौरी के पास लगाए गए स्वास्थ्य शिविर के निरीक्षण के दौरान डेरवा पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ मनीष चौरसिया से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। सीएमओ ने बड़हलगंज सीएचसी का भी औचक निरीक्षण किया। सीएचसी के अधीक्षक डॉ व्यास कुशवाहा को संक्रामक रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनजागरूकता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsबाढ़ का कहर! सरयू नदी बढ़ने से दर्जनभर गांव घिरे, कछार-देवार में नाव पर जिंदगी