गोरखपुर एम्स के आईसीयू में मरीज की मौत पर हंगामा, तोड़फोड़-महिला कर्मी से मारपीट
यूपी के गोरखपुर में एम्स के सर्जिकल आईसीयू में मरीज की मौत के बाद मंगलवार की सुबह पांच बजे से लेकर छह बजे तक जबरदस्त हंगामा और मारपीट हुई। मामले में मरीज के परिजनों पर एम्स में तैनात महिला सफाईकर्मी और नर्सिंग ऑफिसर के साथ अभ्रदता करते हुए मारपीट का आरोप है।

यूपी के गोरखपुर में एम्स के सर्जिकल आईसीयू में मरीज की मौत के बाद मंगलवार की सुबह पांच बजे से लेकर छह बजे तक जबरदस्त हंगामा और मारपीट हुई। मामले में मरीज के परिजनों पर एम्स में तैनात महिला सफाईकर्मी और नर्सिंग ऑफिसर के साथ अभ्रदता करते हुए मारपीट का आरोप है। मारपीट की इस घटना में सर्जिकल वार्ड के कांच का शीशा भी टूट गया। इसके बाद वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर एम्स के गार्ड और पुलिस पहुंची। इसके बाद तीमारदारों की गार्डों और पुलिस के साथ भी कहासुनी हुई है। पुलिस ने शव को एसआईसीयू से हटाकर मोर्चरी में रखवा दिया। देर शाम एम्स प्रशासन की तरफ से तहरीर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया था।
बताया जा रहा है कि कुशीनगर का रहने वाला रवि यादव (45) को अल्कोहलिक पैंक्रियाटाइटिस और रीनल फेलियर की दिक्कत थी। दोनों किडनी खराब हो चुकी थी। वह डायलिसिस पर था। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे सर्जिकल आईसीयू में उसकी मौत हो गई। एम्स प्रशासन का आरोप है कि इसके बाद रवि यादव की महिला तीमारदारों ने एसआईसीयू में ही हंगामा शुरू कर दिया।
एम्स की एक सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट की। ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग ऑफिसर ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उसे भी धमकाया गया और वीडियो बनाते हुए उससे भी अभद्रता की। करीब आधे घंटे बाद मृतक का भाई पहुंचा और सर्जिकल आईसीयू के गेट का कांच का दरवाजा तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि इस बीच मृतक के परिजनों ने पुलिस को भी सूचना दे दी।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। इस बीच सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. धर्मेंद्र को भी जानकारी दी गई। एमजी ऑफिसर्स ने कार्यकारी निदेशक को तहरीर देकर शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
पहले पोस्टमार्टम की बात, बाद में परिजनों ने किया इनकार
मामले की जानकारी पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों का आरोप था कि इलाज में लापरवाही बरती गई और ऑक्सीजन समय से नहीं दिया गया। इस पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने को कहा। परिजन सुबह के वक्त मान गए। लेकिन, दोपहर बाद परिजनों ने इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लिखापढ़ी कराते हुए शाम को शव परिजनों को दिलाया। एम्स प्रशासन के पास भी एक जनप्रतिनिधि की कॉल आई थी। इसके बाद एम्स ने शव दिया।
एम्स, कार्यकारी निदेशक, डॉ. विभा दत्ता ने कहा कि एम्स के एसआईसीयू वार्ड में भर्ती मरीज की हालत बेहद गंभीर थी। उसे अल्कोहलिक पैंक्रियाटाइटिस और रीनल फेलियर की दिक्कत थी। मौत के बाद परिजनों ने सफाईकर्मी को पीटा। बीच बचाव करने गए नर्सिंग ऑफिसर और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के साथ भी अभद्रता की। तहरीर दी गई है। इस तरह के कृत्य किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं होंगे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
एम्स एसआईसीयू के टूटे कांच और हो-हल्ला का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। हालांकि, आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में कुछ महिलाएं रोते हुए कार्रवाई कराने की बात कह रही हैं। उधर, वायरल वीडियो से एम्स की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्योंकि, एसआईसीयू में मोबाइल प्रतिबंधित है। इसके अलावा यहां एक तीमारदार की ही एंट्री हो सकती है। ऐसे में कई महिलाओं की एंट्री पर भी सवाल हो रहा है।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

