
शादीशुदा पुजारी के साथ रहने की जिद पर अड़ी महिला, पंचायत में समाधान न होने पर पुलिस की धमकी
यूपी के गजरौला में नगर के एक मंदिर के शादीशुदा पुजारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला उसके साथ रहने की जिद पर अड़ गई। मांग पूरी नहीं होने पर पुलिस स्तर पर शिकायत करने की धमकी दी।
यूपी के गजरौला में नगर के एक मंदिर के शादीशुदा पुजारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला उसके साथ रहने की जिद पर अड़ गई। मांग पूरी नहीं होने पर पुलिस स्तर पर शिकायत करने की धमकी दी। चर्चा में बने मामले के निस्तारण के लिए बैठी पंचायत में फिलहाल कोई नतीजा नहीं निकल सका है। वहीं पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर का इंतजार है।
जानकारी के अनुसार शहर के एक मंदिर का पुजारी शादीशुदा है। आरोप है कि उसके एक अन्य महिला से भी अवैध संबंध है। महिला के अनुसार पुजारी बीते काफी समय से उसके साथ पति की तरह रह रहा है।
पुजारी की पत्नी को इस बावत जानकारी होने पर घर में झगड़ा शुरू हुआ तो उसने अपनी पत्नी को किसी तरह समझा लिया व पत्नी व महिला दोनों के साथ रहने लगा। इस बीच कुछ दिन पहले पुजारी ने महिला के साथ रहने से मना कर दिया। इस पर गुस्साई महिला ने मंदिर समिति से जुड़े लोगों को पूरी जानकारी दे दी। चर्चा मोहल्ले में फैली तो पंचायतों का दौर शुरू हो गया। अब महिला पुजारी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी है।
आरोप-साथ में रहने से कर रहा है इंकार
महिला का आरोप है कि पुजारी ने पिता की जगह उसके बच्चे के आधार कार्ड पर अपना नाम लिखवा दिया है और अब साथ रहने से मना कर रहा है। वहीं पुजारी का कहना है कि वह महिला को एक लाख रुपये दे चुका है। महिला उसके साथ जबरदस्ती रहना चाहती है। फिलहाल मामले में कोई नतीजा नहीं निकल सका है। महिला ने पुजारी को पुलिस स्तर पर शिकायत करने की धमकी दी है। उधर, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने मामला संज्ञान में नहीं होने व तहरीर मिलने पर जांच व कार्रवाई करने की बात कही।





