गोमती और सईं नदी का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ पर नजर रखने को 100 सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले
बाढ़ पर नजर रखने के लिए यूपी में हर घंटे सोशल मीडिया के 100 एकाउंट खंगाले जा रहे हैं। फैजुल्लागंज में डीएम और जेसीपी ने स्थिति देखी। तीन एसडीएम और तीन तहसीलदार तैनात किए गए हैं। 15 नावें तैनात की गई हैं। लेसा, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार मौजूद रहेंगी।

बाढ़ पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन कंट्रोल रूम में एक्सपर्ट हर घंटे औसतन 100 सोशल मीडिया एकाउंट खंगाल रहे हैं। इनमें इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स शामिल है। यदि कोई सूचना आ रही है तो उसकी पुष्टि की जा रही है। साथ ही दिक्कत मिलने पर तुरंत उस स्थान के लिए संबंधित टीम को भेजा जा रहा है। इसके अलावा फैजुल्लागंज में रोस्टर बनाकर तीन अपर नगर मजिस्ट्रेट, तीन तहसीलदार भी तैनात किए गए हैं।
डीएम विशाख जी ने बताया कि अभी गोमती का जलस्तर कम होने में 24 से 48 घंटों का समय लग सकता है। ऐसे में अतरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। फैजुल्लागंज डूब क्षेत्र में है इसलिए यहां सिर्फ जलस्तर कम होने पर ही कुछ हो सकता है। लोग रैन बसेरे में जाने को तैयार नहीं हो रहे हैं। इसे देखते हुए 15 नाव लगाई गई हैं। खानेपीने के सामान, दवाएं आदि लगातार बांटी जा रही है। गुरुवार को डीएम ने संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार के साथ फैजुल्लागंज का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि यहां पर तीन राहत शिविर और कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। साथ ही, मेडिकल कैंप के माध्यम से प्रभावित लोगों को जरूरी दवाएं बांटी जा रही हैं। आवागमन के लिए नाव तैनात की गई हैं।
गर्भवती महिलाओं, बच्चों और वृद्धजनों वाले घरों की मैपिंग
डीएम ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों, वृद्धजनों और गर्भवती महिलाओं को चिह्नित करें ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके। इसके लिए एडीएम एफआर को उन्होंने मैपिंग करने और इसकी जानकारी यहां बने कंट्रोल रूम में रखने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने डीएम और जेसीपी को बताया कि नावों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नावों के माध्यम से फॉगिंग एवं एंटी लार्वा का छिड़काव निरंतर कराया जाए, ताकि मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
सई नदी खेतों तक पहुंची, फसलों की क्षति का आकलन होगा
देर शाम जिलाधिकारी ने ग्राम बनी स्थित साईं नदी पुल से नदी के जलस्तर का निरीक्षण किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी सरोजनीनगर अभिषेक सिंह एवं तहसीलदार सरोजनीनगर जेपी सिंह ने उनको बताया कि कि ग्राम बनी में नदी का पानी फिलहाल कृषि भूमि एवं खेतों तक ही सीमित है। आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जलस्तर कम होने के उपरांत राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर प्रभावित खेतों का सर्वे कराया जाए तथा फसलों को हुई क्षति का आकलन करें।
एसडीएम सरोजनीनगर ने बताया कि ग्राम रहीमनगर पड़ियाना के कुछ घरों में पानी प्रवेश कर गया था। इसका प्रमुख कारण नगवा नाला है, जो साईं नदी से जुड़ा हुआ है। नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण नगवा नाले के माध्यम से बंथरा एवं रहीमनगर पड़ियाना के कुछ हिस्सों की आबादी में भी पानी पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आंगनबाड़ी केंद्र एवं पंचायत भवन में राहत शिविरों की व्यवस्था की गई है। इन शिविरों में प्रभावित लोगों के लिए भोजन एवं चिकित्सा संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

