
सूदखोरों की दबंगई और धमकी से था परेशान, युवक ने जहर खाकर दी जान
यूपी में फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में एक युवक ने विषाक्त का सेवन कर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सूदखोर की धमकी के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
यूपी में फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में एक युवक ने विषाक्त का सेवन कर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सूदखोर की धमकी के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मथुरा नगर निवासी 40 वर्षीय राजनारायण उर्फ राजेश पुत्र सत्य नारायण उर्फ सत्ते रोडवेज बस स्टैंड के सामने कचौड़ी की दुकान करता था।

उसने शनिवार को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी तबियत बिगड़ गयी। देखते ही देखते वह बेहोश हो गया। उसकी हालत देख परिजन घबरा गए। आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए। जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिये विच्छेदन ग्रह में रखवा दिया।
शहर छोड़कर भी चला गया था मृतक
बेटे ने बताया कि सूदखोर की धमकियों के डर के कारण पिता फ़िरोज़ाबाद छोड़कर बाह चले गए थे। पांच छह महीने के बाद वह लौटकर आए। सूदखोर उन्हें पुनः परेशान करने लगा। थाना उत्तर के प्रभारी निरीक्षक संजुल पांडेय का कहना है उन्हें परिजनों ने सूदखोरी के बारे में कुछ नहीं बताया है। इसकी जांच की जाएगी।
एक लाख रुपये लिए, पांच लाख मांग रहा था
राजनारायण के पुत्र प्रिंस ने पिता की मौत का कारण सूदखोर की दबंगई बताया है। उसने बताया कि पिता ने मां की बीमारी के चलते एक सूदखोर से एक लाख रुपया 20 प्रतिशत की ब्याज पर कर्ज लिया था। सूदखोर ने ब्याज पर ब्याज लगा एक लाख के पांच लाख रुपये कर दिए। वह एक लाख से अधिक रुपये सूदखोर को दे भी चुके हैं। कुछ दिनों से वह ब्याज नहीं दे सके। सूदखोर आए दिन घर आकर धमकी दे रहा था।



