
साथ बैठ जमकर पी शराब फिर युवक के सारे कपड़े उतार बनाया वीडियो, मारपीट कर दी धमकी
यूपी के फिरोजाबाद में युवक अपने दोस्त के साथ ठेके पर शराब पीने के लिए गया था। इसके बाद उसने मोहल्ले के एक युवक के घर पर शराब पी। आरोपी दबंग ने अपने दोस्तों संग मिलकर नशे की हालत में उसको नंगा कर वीडियो बना लिया।
यूपी के फिरोजाबाद में थाना उत्तर क्षेत्र में एक युवक अपने दोस्त के साथ ठेके पर शराब पीने के लिए गया था। जब नशे में हो गया तो वह मोहल्ले के एक युवक के घर पर पहुंच गए। वहां पर आरोपी दबंग ने अपने दोस्तों को फोन करके बुलाया और नशे की हालत में उसको नंगा कर दिया। उसका वीडियो भी बना लिया है। आरोपियों ने फिर से युवक के साथ मारपीट कर डाली।

मामले में मिली जानकारी के अनुसार थाना उत्तर के इंद्रपुरी निवासी युवक ने मुकदमा दर्ज कराया है कि वह अपने दोस्त के साथ इंद्रपुरी में स्थित ठेके पर शराब पीने के लिए गया था। शराब पीने के बाद वह मोहल्ले के ही राजू पुत्र रमेश के घर पर चला गया। वहां पहुंचकर तीनों ने फिर जमकर शराब पी। शराब का नशा अधिक होने पर वह बेहोश हो गया। इसके बाद राजू ने फोन करके मोहल्ले के सुखवीर पुत्र मटरू और अर्जुन पुत्र चेतराम को अपने घर बुला लिया। तीनों ने मिलकर उसके कपड़ों को उतार दिया और नंगा करके उसकी वीडियो बना ली।
जब युवक को होश आया तो वह अपने घर आ गया। उसे वीडियो की जानकारी नहीं थी। शाम को वह झील की पुलिया पर काम से गया तो तीनों आरोपियों ने उसको पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। उसे गालियां दी और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसको नंगा करके बनाए गए वीडियो को दिखाया। वीडियो देख युवक सकते में आ गया। युवक तीनों दबंगों के खिलाफ कार्रवाई को थाने पहुंचा। पुलिस ने युवक की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



