
हाईवे पर रेलिंग तोड़कर रामगंगा नदी में गिरा डीसीएम, रात के अंधेरे में चला बचाव कार्य
यूपी में मंगलवार की देर रात भीषण हादसा हो गया। हादसे में एक डीसीएम नदी में जा गिरा। इटावा-बरेली हाईवे पर मंगलवार आधी रात एक डीसीएम पुल की रेलिंग तोड़कर रामगंगा नदी में जा गिरा।
यूपी के शाहजहांपुर में मंगलवार देर रात इटावा-बरेली हाईवे पर रामगंगा नदी पुल पर बड़ा हादसा हो गया। गन्ना लदा भारी ट्रक अचानक स्टेरिंग फेल होने से अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरा। हादसा रात के अंधेरे में होने के कारण पुलिस और राहत टीमों को सटीक स्थिति का अंदाजा लगाने में काफी दिक्कत हुई।
रात को पुलिस ने स्थानीय नाविकों की मदद से रस्सियों और बांस के जरिए नदी में प्रारंभिक खोजबीन कराई, लेकिन गहरी धारा और अंधेरे के चलते कुछ पता नहीं चल सका। सुबह होते-होते रूपापुर चीनी मिल (हरदोई) के अधिकारियों ने पुलिस से संपर्क कर बताया कि उनका एक गन्ना लोड ट्रक रात से लापता है। ट्रक के जीपीएस की लोकेशन आखिरी बार रामगंगा पुल के पास मिली थी, जिसके बाद उसका सिग्नल बंद हो गया। इससे आशंका पुख्ता हो गई कि वही ट्रक नदी में गिरा है।
ट्रक चालक राजपाल, निवासी रुस्तमपुर (मुरादाबाद) हादसे के बाद सकुशल मिल गया। उसने बताया कि वह गुलड़िया दातागंज (बदायूं) से गन्ना लोड कर रूपापुर चीनी मिल जा रहा था। जैसे ही वह रामगंगा पुल पर पहुंचा, अचानक ट्रक का स्टेरिंग फेल हो गया। अनियंत्रित वाहन सीधे रेलिंग तोड़कर 25 फीट नीचे नदी में जा समा गया।
राजपाल ने बताया कि उसे तैरना नहीं आता, लेकिन किस्मत और ईश्वर की कृपा से कई गोते खाने के बाद नदी के बहाव के सहारे वह एक किलोमीटर दूर किनारे तक पहुंच गया। अंधेरा ज्यादा था, शोर-शराबे में उसकी मदद की पुकार किसी ने नहीं सुनी। वह किसी तरह पास के एक मंदिर तक पहुंचा और अपनी जान बचाई।
सुबह होते ही चालक ने अपने ट्रांसपोर्टर को घटना की जानकारी दी और बाद में स्वयं घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस का कहना है कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और बड़े क्रेनों को बुलाया गया है। गोताखोर नदी में ट्रक का स्थान चिन्हित कर क्रेन के हुक फंसाने में मदद कर रहे हैं, जिससे वाहन को बाहर निकाला जा सके। घटना के बाद हाईवे पर आवाजाही कुछ देर प्रभावित रही। पुलिस, गोताखोर और क्रेन ऑपरेटर टीम मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।





