
हर घर में चल रही थी चोरी की बिजली, दीपावली से पहले पूरे गांव की बिजली काटी
संक्षेप: यूपी के एटा में गुरुवार को विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों ने अलीगंज ब्लॉक क्षेत्र के गांव नगला गजपति की बिजली काट दी। इससे समूचे गांव में अंधेरा छा गया है। मुख्य रूप से दीपावली के सीजन में गांव की बिजली काटी जाने से गांव के निवासियों को अनेकों प्रकार की मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
यूपी के एटा में गुरुवार को विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों ने अलीगंज ब्लॉक क्षेत्र के गांव नगला गजपति की बिजली काट दी। इससे समूचे गांव में अंधेरा छा गया है। मुख्य रूप से दीपावली के सीजन में गांव की बिजली काटी जाने से गांव के निवासियों को अनेकों प्रकार की मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को विद्युत वितरण खंड प्रथम एक्सईएन मनोज कुमार ने बताया कि नगला गजपति में 125 से 150 घर है। इनमें से कुल 05 से 06 लोग ही कनेक्शन लेकर बिजली का उपयोग तो कर रहे है, लेकिन उन्होंने कई महीनों से बिल जमा नहीं किया है।

वहीं मीटर भी उखाड़ कर रख दिए है और चोरी से बिजली का उपयोग कर रहे है। जबकि गांव के अन्य सभी घरों में पूर्णत: चोरी से बिजली जलाई जा रही है। उसके कारण गुरुवार को उपखंड अधिकारी के आदेश पर जेई ने समूचे गांव की बिजली काट दी। गांव में बिजली आने के वर्षों बाद भी गांव के लोगों ने अबतक बिजली कनेक्शन नहीं लिए है और चोरी कर बिजली का उपयोग कर रहे है। जबकि हर बार जेई और एसडीओ लोगों को सूचित करते है कि सभी कनेक्शन लेकर बिजली का उपयोग करें। इस समस्या के एसडीओ के निर्देश पर कुछ देर के लिए समूचे गांव की बिजली काट दी गई।
निगम की लारपवाही से चल रही गांव में चोरी बिजली: एटा। नगला गजपति में विद्युत वितरण निगम की लापावाही के कारण वर्षों से बिजली चोरी हो रही है। बिजली चोरी रोकने के लिए गांव में बिजली चेकिंग अभियान भी नहीं चलाया जा रहा। ना ही बिजली चोरी करने वालों पर कोई कार्रवाई की जा रही है। बिजली अधिकारियों ने कार्रवाई करने की बजाय समूचे गांव की बिजली ही बंद कर दी है।
विद्युत वितरण मंडल एटा के अधीक्षण अभियंता, सुभाष चंद्रा ने इस बारे में बताया कि दीपावली पर जिले के किसी क्षेत्र की बिजली नहीं काटी जाएगी, चाहे वहां के उपभोक्ताओं ने बिल जमा किया हो या नहीं। अगर नगला गजपति की बिजली काटी गई है तो उसे तुरंत शुचारू कराया जाएगा। बकाया राजस्व वसूली करने के लिए दीपावली के बाद ही कनेक्शन काटने की कार्रवाई होगी। त्योहार के सीजन में कोई कार्रवाई नहीं होगी।





