यूपी में कर्ज से परेशान पूरे परिवार ने खाया जहर, मां और दो बेटियों की मौत, पिता गंभीर

Yogesh Yadav बिजनौर/नूरपुर, वरिष्ठ संवाददाता।
Follow us on Google News
share

यूपी के बिजनौर में कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान पूरे परिवार ने जहर खा लिया है। मां और दो बेटियों की मौत हो गई। पिता की हालत गंभीर है। काम पर निकलने के कारण बेटा जहर के सेवन से बच गया है। डीएम-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और दिशा निर्देश दिए।

यूपी में कर्ज से परेशान पूरे परिवार ने खाया जहर, मां और दो बेटियों की मौत, पिता गंभीर

यूपी के बिजनौर में आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव से परेशान पूरे परिवार ने जहर खा लिया। मां और दो बेटियों की मौत हो गई। पिता की हालत गंभीर है। उसे मेरठ मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर एसपी अभिषेक झा ने मेडिकल अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने मां-बेटियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना नूरपुर थानाक्षेत्र के गांव टंडेरा की है।

नूरपुर के गांव टंडेरा में पुखराज भारती (52 वर्ष) पुत्र हरदेव कर्ज के बोझ में दबा था। परेशान पुखराज ने गुरुवार सुबह पत्नी रमेशिया (50 वर्ष), दोनों बेटी शीतू (19 वर्ष), अनीता (17 वर्ष) के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से चारों को नाजुक हालत में सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

Voice of UP

बिजनौर जिला अस्पताल में रमेशिया और बेटी शीतू की मौत हो गई, जबकि पुखराज और एक बेटी अनीता की हालत और ज्यादा बिगड़ गई। डाक्टरों ने दोनों को मेरठ मेडिकल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां मेरठ में उपचार के दौरान अनीता ने भी दम तोड़ दिया। जबकि पुखराज की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

मामले की जानकारी होते ही एएसपी ग्रामीण विनय कुमार सिंह, सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह व थाना प्रभारी निरीक्षक जयभगवान सिंह टंडेरा गांव पहुंचे और जांच पड़ताल की, साथ ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर बुला ली गई। उधर, एसपी अभिषेक झा ने बिजनौर जिला अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए।

कर्ज में डूबा था पुखराज, घर चल रही थी कलह

पुखराज तांगा चलाता था, जिससे घर परिवार का पोषण नहीं हो पा रहा था। इस पर उसने गांव में कुछ लोगों से कर्जा लिया था, जो चुका नहीं पा रहा था। दिन प्रतिदिन बढ़ते कर्जे से वह परेशान था, आए दिन घर में कलह होती थी। ग्रामीणों की मानें तो बुधवार रात और गुरुवार सुबह भी पुखराज की अपने पुत्र सचिन से नोकझोंक हुई थी। गुरुवार सुबह सचिन अपने काम पर चला गया, जिसके बाद पुखराज ने यह घातक कदम उठाया।

चार बच्चों में केवल एक बेटी की शादी की

मेरठ में मौत से जंग लड़ रहे पुखराज प्रजापति का एक पुत्र तथा तीन पुत्रियां थी। बड़ी पुत्री पूनम (23 वर्ष) का तीन वर्ष पहले ताजपुर में विवाद हो गया था। वहीं पुत्र सचिन (21 वर्ष) तथा दो पुत्रियां शीतू (19 वर्ष) व अनीता (17 वर्ष) अभी अविवाहित थे। पिता पुत्र की मजदूरी पर पूरा परिवार का खर्च न चलने कारण कर्ज का बोझ बढ़ता गया।

एसपी अभिषेक झा के अनुसार करीब छह लाख का कर्ज होने की बात सामने आई है। किससे कर्ज लिया था, क्या पुखराज या उसके परिवार को धमकी आदि दी गई थी, जिससे वह परेशान था ऐसा कदम उठाया आदि सभी मुख्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। कोई दोषी होगा तो बख्शा नहीं जाएगा। -अभिषेक झा एसपी, बिजनौर।

डीएम जसजीत कौर के अनुसार परिवार के चार सदस्यों द्वारा जहरीजा पदार्थ खाने के मामले की जांच के लिए एसडीएम, सीओ और एक मेडिकल ऑफिसर की तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। जो इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रिपोर्ट देगी, अगर किसी ने अवैध तरीके से कर्जा देकर उसे वसूलने के लिए दबाव बनाया होगा तो सख्त कार्रवाई होगी।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।