राम ऐसे कृष्ण वैसे, बागेश्वर बाबा का बयान; कैसे करा सकता है भाजपा का नुकसान
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और श्री कृष्ण की तुलना कर जो बयान दिया है, उसपर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी इसे लेकर भाजपा पर आरोप लगा रही है। वहीं, भाजपा अखिलेश यादव से कृष्ण जन्मभूमि आंदोलन पर सवाल कर रही है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति और भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम के बीच कोई तुलना कर दे, यानी बवाल होना तय था। और ऐसा हुआ भी। बागेश्वर बाबा नाम से मशहूर कथा वाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने ऐसा बयान दिया कि राज्य के चुनाव में इसका सीधा असर भारतीय जनता पार्टी पर पड़ सकता है। शास्त्री खुद माफी मांग चुके हैं, लेकिन 403 विधानसभा सीटों वाले देश के सबसे बड़े राज्य के चुनाव यादव वोट बैंक कितना अहम यह किसी से छिपा नहीं है। मामला तब और दिलचस्प हो गया, जब पार्टी का सीधा मुकाबला समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव से ही है।
बात मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा की है। यहां एक कथा हुई थी, जिसमें धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए कहा था कि श्रीराम सीधे हैं। जबकि, श्रीकृष्ण तीन जगह से टेढ़े होकर खड़े होते हैं। उन्होंने श्रीकृष्ण की त्रिभंग मुद्रा, बांसुरी और वृंदावन का जिक्र करते हुए अयोध्या और वृंदावन की तुलना भी की थी। अब इस बयान पर सियासत से पहले मथुरा वृंदावन के संतों और कृष्ण भक्तों ने आपत्ति जताई थी।
बाद में उनका एक वीडियो मैसेज भी सामने आया, जहां बयान को लेकर माफी मांगी गई। उन्होंने कहा, 'उनकी टिप्पणी भक्ति परंपरा और ब्रज की प्रेमपूर्ण अभिव्यक्ति के संदर्भ में थी। उनका उद्देश्य किसी भगवान का अपमान करना या दोनों के बीच भेद करना नहीं था।' शास्त्री ने कहा कि भगवान राम और कृष्ण एक ही परम सत्ता के स्वरूप हैं। उन्होंने स्वयं को भगवान श्रीकृष्ण का भक्त बताते हुए कहा कि वह भागवत कथा भी करते हैं और कृष्ण भक्ति में उनकी पूरी आस्था है। साथ ही कहा था कि अगर किसी को उनकी बात से ठेस पहुंची है, तो वह माफी मांगते हैं।
सियासी बवाल की वजह को समझिए
उत्तर प्रदेश की राजनीति भी जाति के मुद्दे से खासी प्रभावित रही है। राज्य में धार्मिक पहचान और राजनीति साथ चलती हैं। वहीं, श्रीकृष्ण को पारंपरिक रूप से यादव समुदाय से जोड़कर भी देखा जाता है। अब खास बात यह है कि यूपी चुनाव में यादव वोट बैंक हमेशा अहम भूमिका में होता है और ऐसा ही दशकों से चला आ रहा है। यूपी सोशल जस्टिस कमेटी के आंकड़े बताते हैं कि अन्य पिछड़ा वर्ग आबादी में 19.4 फीसदी हिस्सेदारी यादव समुदाय की है।
कहा जाता है कि राज्य में समाजवादी पार्टी की पहचान यादव समुदाय से खासी जुड़ी हुई है। दिवंगत मुलायम सिंह यादव राज्य के तीन बार मुख्यमंत्री रहे और उनके समय से ही मुस्लिम और यादव मतों के एकजुट होने ने सपा को मजबूत किया है। जबकि, भाजपा लगातार यादव मतदातों को लुभाने की कोशिशें करती रही है। भाजपा जन कल्याण योजनाओं, समुदाय से आने वाले नेताओं को आगे बढ़ाकर यादव वोटर्स को अपने पाले में लाने की जुगत में रहती है।
भाजपा पर असर कैसे
लोकसभा हो या विधानसभा, भाजपा जीती तो गई पर उसके लिए राज्य के बीता चुनाव खास नहीं रहा। 2022 में सपा ने राज्य की 111 विधानसभा सीटें जीती थीं और वोट शेयर में भी 10 फीसदी से ज्यादा इजाफा कर आंकड़े को 32.76 प्रतिशत तक ले गई थी। वहीं, 2024 लोकसभा चुनाव में 80 सीटों में से INDIA गठबंधन को 43 सीटें मिल गईं थीं। कहा जा रहा है कि इससे संकेत मिले कि यादव और अन्य पिछड़े समुदायों के वोटरों को लुभाने के मामले में भाजपा के प्रयास सीमित ही रहे।
दरअसल, 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बंपर जीत हासिल की थी। तब भाजपा 317 सीटें जीत थी और अखिलेश की सपा घटकर महज 47 सीटों पर आ गई थी।
यादव नेताओं का जमावड़ा
खास बात है कि कथा वाचक के बयान पर अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव सवाल उठा रहे हैं। वहीं, भाजपा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी पहले मैदान में उतार चुकी है। मार्च 2024 में हुए यादव महाकुंभ में मोहन यादव ने अपने वंश पर गर्व करने की बात कही थी। साथ ही यादवों के नेताओं के तौर पर प्रदर्शित करती सपा के दावों को भी चुनौती दी थी। खास बात है कि राज्य में अयोध्या राम मंदिर और कृष्ण जन्मभूमि मुद्दा हमेशा संवेदनशील रहे हैं।
मंगलवार को अखिलेश यादव ने लिखा, 'ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है। पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया अब भगवान राम के पिता के बारे अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं। अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।'
वहीं तेजस्वी यादव ने कह दिया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को सत्ता का समर्थन है। उन्होंने कह दिया कि कथा वाचक को भाजपा बचा रही है और पूरे देश से माफी की मांग कर दी। साथ ही उन्होंने शास्त्री पर सनातन एकता को कमजोर करने के आरोप भी लगा दिए।
डिफेंस में जुटी भाजपा
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, भाजपा प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव का कहना है, 'चुनाव आ रहे हैं, तो अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव को अचानक भगवान कृष्ण याद आ गए, लेकिन अखिलेश यादव जो राम मंदिर नहीं गए और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठा चुके हैं, क्या वह मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि जाएंगे। क्या वह कृष्ण जन्मभूमि मंदिर आंदोलन का समर्थन करते हैं या नहीं।'
अयोध्या राम मंदिर का मुद्दा पहले ही बड़ा
इससे पहले अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी का मुद्दा पहले ही बड़ा साबित हो सकता है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने स्वतंत्र जांच की याचिका पर सुनवाई बंद कर दी है। अदालत ने स्वतंत्र जांच के अनुरोध वाली याचिकाओं पर सुनवाई सोमवार को बंद कर दी और कहा कि अब इस मामले में आरोपियों के खिलाफ स्थानीय अदालत में मुकदमा चलेगा।
CJI यानी भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार की इस दलील का संज्ञान लिया कि शीर्ष अदालत की ओर से गठित विशेष जांच दल ने मामले में आरोपपत्र दाखिल कर दिया है। बेंच ने कहा कि अब राज्य सरकार मामले में कानून के अनुसार मुकदमा आगे बढ़ा सकती है।
पीठ ने कहा, 'उत्तर प्रदेश सरकार ने एक वस्तुस्थिति रिपोर्ट दाखिल की है, जिसके अनुसार इस मामले में आरोपपत्र दायर कर दिया गया है। इसे देखते हुए हम रिट याचिका और इससे जुड़े अन्य मामलों का निपटारा करते हैं तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट को निर्देश देते हैं कि वह कानून के अनुसार इस मामले में आगे की कार्यवाही करें।'
धीरे
अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन में अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद राष्ट्रीय जनता दल के सांसद सुधाकर सिंह सहित कई याचिकाकर्ताओं ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया। उन्होंने मामले की जांच CBI से कराने और मंदिर ट्रस्ट के वित्तीय मामलों का फॉरेंसिक ऑडिट कराने का अनुरोध किया है।


