
आईपीएल 2026 के लिए चयन, देवरिया के नमन को 1 करोड़ और गोरखपुर के विशाल को मिले 30 लाख
देवरिया के नमन तिवारी और गोरखपुर के विशाल निषाद आईपीएल 2026 में अपनी प्रतिभा का कौशल दिखाएंगे। नमन को लखनऊ सुपर जॉयट्स ने एक करोड़ और विशाल को पंजाब किंग्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा है।
देवरिया के नमन तिवारी और गोरखपुर के विशाल निषाद आईपीएल 2026 में अपनी प्रतिभा का कौशल दिखाएंगे। नमन को लखनऊ सुपर जॉयंट्स ने एक करोड़ और विशाल को पंजाब किंग्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा है। आईपीएल में चयन होने से दोनों खिलाड़ियों के गांवों में खुशी का माहौल है।
अंडर-19 विश्व कप में शानदार गेंदबाजी कर चुके हैं नमन
देवरिया के खुखुंदू क्षेत्र के गुलाली परसिया गांव के नमन तिवारी का आईपीएल 2026 में चयन होने से गांव में खुशी का माहौल है। नमन का पूरा परिवार लखनऊ के गोमतीनगर में रहता है। अपने माता-पिता के तीन संतानों में नमन सबसे छोटे हैं। उन्होंने इंटर तक पढ़ाई देवरिया में ही की है। शुरुआत में उन्होंने क्रिकेट की बारीकियों को आसपास के खिलाड़ियों से सीखा। 20 वर्षीय नमन मुख्य रूप से बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज हैं। वे भारतीय अंडर-19 विश्व कप और घरेलू क्रिकेट में शानदार गेंदबाजी कर चुके हैं।
पिता सूर्यनाथ तिवारी लखनऊ में बीमा कंपनी में एजेंट और माता सरोज तिवारी गृहिणी हैं। नमन के पिता सूर्यनाथ तिवारी बताते हैं कि बहुत वर्ष पहले एक बार वे अपने परिवार के साथ टेलीविजन पर मैच देख रहे थे। उस समय नमन बहुत छोटे थे। मैच में जब एक गेदबाज ने विकेट चटकाया तो नमन ने कहा मैं भी क्रिकेट का खिलाड़ी बनूंगा। उसके बाद उनका रूझान क्रिकेट के तरफ हो गया। बाद में क्रिकेट को करियर बना लिया। आज नमन को देश के तरफ से खेलते हुए सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
यूपी टी-20 में गोरखपुर लायंस की ओर से खेलते हैं विशाल
गोरखपुर के जंगल अयोध्या प्रसाद लहसड़ी निवासी स्पिन गेंदबाज विशाल निषाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पंजाब किंग्स की ओर से अपनी स्पिन का जादू करते नजर आएंगे। पंजाब किंग्स ने इस दाएं हाथ के लेग स्पिन गेंदबाज पर खूब भरोसा जताया है। यह एक मिस्ट्री स्पिनर हैं। इसके पूर्व विशाल उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के सीजन 2024 और 25 में गोरखपुर लायंस की टीम से खेलते हुए खुद को साबित कर चुके हैं।
साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले विशाल निषाद के पिता उमेश निषाद पेशे से राजमिस्त्री हैं, जबकि माता सुनीता देवी गृहिणी हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए विशाल ने कम उम्र में ही मजदूरी शुरू कर दी थी। विशाल का जुनून देखकर संस्कृति क्रिकेट एकेडमी के अनुभवी कोच कल्याण सिंह ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उनको तराशना शुरू किया। शुरुआती दिनों में संसाधनों की कमी के कारण विशाल टेनिस बॉल से अभ्यास करते हुए स्थानीय टूर्नामेंटों में हिस्सा लेकर खुद को साबित करते रहे।
अब विजय हजारे ट्रॉफी के लिए भी चयनित
मजदूरी करते हुए क्रिकेटर बनने का सपना देखने वाले युवा स्पिन गेंदबाज विशाल निषाद ने संघर्ष, धैर्य और कड़ी मेहनत के दम पर आईपीएल जैसे बड़े मंच तक पहुंचकर मिसाल पेश की है। आईपीएल ऑक्शन में पंजाब किंग्स द्वारा 30 लाख रुपये में खरीदे जाने की खुशी संभाल ही रहे थे कि इनका चयन विजय हजारे ट्रॉफी कैंप के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की टीम में हो गया। कोच कल्याण सिंह का कहना है कि एक साथ दोहरी खुशी मिली है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।





