एमपी को 5-2 से रौंदकर यूपी बना हॉकी का नेशनल सब जूनियर चैंपियन, नीतीश बने मैन ऑफ द मैच
बिहार के राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में रविवार को 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 का शानदार समापन हो गया। फाइनल महामुकाबले में यूपी ने एमपी को 5-2 से शिकस्त दी और चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

नीतीश यादव के शानदार प्रदर्शन की बदौलत यूपी ने रविवार को 16वीं राष्ट्रीय सब जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 में मध्य प्रदेश को 5-2 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। राजगीर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हुए मुकाबले में नीतीश यादव मैन ऑफ द मैच रहे। तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में पंजाब ने दादर-नगर हवेली को 1-0 से हरा कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। फाइनल में यूपी की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और एमपी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
वहीं, रविवार की सुबह तीसरे स्थान के लिए पंजाब व दादर-नगर हवेली के बीच मुकाबला खेला गया। पंजाब ने 1-0 से मैच जीतकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। शाम चार बजे शुरू हुए इस खिताबी मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम शुरू से ही हावी रही।
मैच के चौथे मिनट में ही गोल
मैच के चौथे मिनट में ही यूपी के कप्तान केतन कुशवाहा ने बेहतरीन फील्ड गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, मध्य प्रदेश ने तुरंत वापसी करते हुए आठवें मिनट में गाजी खान केे शानदार फील्ड गोल से स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद यूपी के खिलाड़ियों ने अपने अटैक को और तेज कर दिया। 13वें मिनट में नीतीश यादव ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी।
एमपी के डिफेंस को पूरी तरह भेद दिया
बढ़त मिलने के बाद यूपी के फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने एमपी के डिफेंस को पूरी तरह भेद दिया। 28वें मिनट में स्टार खिलाड़ी अली शाहरुख, 35वें मिनट में प्रह्लाद राजभर और 40वें मिनट में राघवेंद्र सिंह चौहान ने एक-एक फील्ड गोल दागकर यूपी को 5-1 की अजेय स्थिति में पहुंचा दिया। मैच के 43वें मिनट में मध्य प्रदेश के आयुष सिंह लोधी ने एक मैदानी गोल जरूर दागा, लेकिन वे टीम की हार नहीं टाल सके।
दर्शकों ने हमें खूब सपोर्ट किया- नीतीश यादव
फाइनल मुकाबले में मैन ऑफ द मैच चुने गए नीतीश यादव ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मैन ऑफ द मैच बनकर बहुत अच्छी फीलिंग आ रही है। हमने इसी दिन के लिए प्रैक्टिस की थी। यह हमारे कोच और सपोर्ट स्टाफ की देन है कि हम इतने अच्छे अंतर से गोल्ड मेडल जीते। दर्शकों ने भी हमें खूब सपोर्ट किया।
तीसरे स्थान की जंग में पंजाब ने मारी बाजी
रविवार की सुबह तीसरे और चौथे स्थान के लिए रोमांचक जंग देखने को मिली। इस बेहद कड़े और संघर्षपूर्ण मुकाबले में पंजाब ने दादर-नगर हवेली एवं दमन और दीव को 1-0 से मात देकर कांस्य पदक (तीसरा स्थान) अपने नाम किया। पंजाब की इस जीत के हीरो राजवीर सिंह रहे। उन्होंने खेल के आठवें मिनट में मैच का इकलौता और निर्णायक मैदानी (फील्ड) गोल दागा।


