पुलिस से बचाने के लिए 'पुलिस वाला' बनकर गजब खेल, 5.5 लाख के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार
यूपी में रामपुर पुलिस ने एक ऐसे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है जो पुलिस से बचाने के नाम पर पुलिस बनकर वसूल का खेल खेल रहे थे। आरोपियों ने एनडीपीएस केस में फंसे आरोपियों को बचाने के नाम पर उनके परिजनों से 5.5 लाख रुपये ठगे थे।

Up News: यूपी में रामपुर पुलिस ने एक ऐसे शातिर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है जो पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को पुलिस से बचाने और जेल भेजने का डर दिखाकर रकम वसूलता था। खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिसकर्मी बताने वाले इस आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर एनडीपीएस एक्ट (नशीले पदार्थ) के मामले में फंसे आरोपियों के परिजनों से 5.5 लाख रुपये वसूल लिए। पुलिस ने इनके पास से 4.57 लाख रुपये नकद और पुलिस की वर्दी बरामद की है।
ऐसे बिछाया ठगी का जाल
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है। दरअसल, पुलिस ने हाल ही में स्मैक की खरीद-फरोख्त के मामले में मुन्ना समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। मुन्ना की पत्नी मुमताज जहां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब उसका पति जेल गया, तब मोहल्ला केले वाला तालाब निवासी फरहान और उसकी पत्नी रुबीना उसके घर पहुंचे। फरहान ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए मुन्ना और उसके भाई को केस से बचाने और रिहा कराने के बदले 10 लाख रुपये की मांग की।
धमकाकर वसूले साढ़े पांच लाख
मुमताज के रुपए देने में असमर्थता जताने पर आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को और भी संगीन झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। डर के मारे मुमताज ने अपने मायके वालों के सामने साढ़े पांच लाख रुपये दंपति को सौंप दिए। रकम लेने के बाद भी जब आरोपी लगातार और पैसों का दबाव बनाते रहे तो मुमताज ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की छापेमारी और गिरफ्तारी
शहर कोतवाल प्रदीप कुमार मलिक के नेतृत्व में जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने दबिश देकर फरहान और रुबीना को दबोच लिया। इनके पास से वसूली गई रकम में से 4.57 लाख रुपये और पुलिस की वर्दी बरामद हुई। एसपी सोमेंद्र मीना ने बताया कि महिला के पति को बड़े मुकदमें में फंसाने से बचाने के नाम पर रूपए लिए गए थे। आरोपी खूद को क्राइम ब्रांच का पुलिस कर्मी बताता था। 4.57 लाख रूपए बरामद हुए है। अभी तक सामने आया है कि यह अपनी पत्नी के साथ मिलकर डरा-धमकाकर अवैध वसूली कराता था। अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
अन्य लोगों से साथ भी हुई है वसूली, पुलिस जांच में जुटी
पूछताछ के दौरान फरहान ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर पुलिस की वर्दी धारण कर लोगों को डरा धमकाकर झूठे केसो में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम की उगाही करता है। इसके बाद पुलिस को अन्य लोगों के साथ भी ऐसी घटना की जानकारी आई। पुलिस उन सभी मामलों की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


