संतों के सम्मान पर आंच बर्दाश्त नहीं, शंकराचार्य से मिले अजय राय, आज हर जिले में कांग्रेस का प्रदर्शन

Feb 25, 2026 05:58 am ISTYogesh Yadav लखनऊ/वाराणसी
share

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से भेंट कर समर्थन जताया। उन्होंने शंकराचार्य पर दर्ज एफआईआर को 'सरकारी षड्यंत्र' बताया। इसके विरोध में बुधवार को पूरी यूपी कांग्रेस प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी और पीएम के नाम ज्ञापन सौंपेगी।

संतों के सम्मान पर आंच बर्दाश्त नहीं, शंकराचार्य से मिले अजय राय, आज हर जिले में कांग्रेस का प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ प्रयागराज में हुई एफआईआर की कार्रवाई को लेकर सीधे तौर पर सरकार को घेरा है। मंगलवार को वाराणसी के केदारघाट स्थित श्रीविद्या मठ पहुंचकर अजय राय ने शंकराचार्य का आशीर्वाद लिया और इस पूरे घटनाक्रम को सनातन धर्म के सर्वोच्च पदों को अपमानित करने की साजिश करार दिया।

शंकराचार्य भगवान का स्वरूप, अपमान असहनीय

मठ में आयोजित वार्ता के दौरान अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संतों के सम्मान और सनातन परंपरा की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि सरकार एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत शंकराचार्य को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। सनातन धर्म की मान्यताओं के अनुसार शंकराचार्य साक्षात भगवान के स्वरूप माने जाते हैं। ऐसे में उन पर 'पॉक्सो' जैसे गंभीर और विवादास्पद मुकदमे दर्ज करना न केवल उनकी छवि धूमिल करना है, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर प्रहार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि काशीवासी और कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता इस धर्मयुद्ध में स्वामी जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।

प्रदेशभर में गूंजेगा विरोध का स्वर

लखनऊ से मिली जानकारी के अनुसार, इस मुद्दे को अब कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन बनाने जा रही है। अजय राय के निर्देश पर बुधवार को उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों और महानगर इकाइयों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस का यह मोर्चा माघ मेले के दौरान शंकराचार्य के साथ हुई अभद्रता और उसके बाद उनके खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर के विरोध में है।

पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनपदों में धरना-प्रदर्शन करें और जिलाधिकारियों के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपें। कांग्रेस का तर्क है कि यदि समाज के पथ प्रदर्शक संतों को ही झूठे मामलों में फंसाया जाएगा, तो समाज में न्याय की उम्मीद धूमिल हो जाएगी।

तथ्यों के साथ जनता के बीच जाएगी कांग्रेस

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले को केवल एक कानूनी लड़ाई नहीं मानती, बल्कि यह सत्य और असत्य का संघर्ष है। पार्टी आने वाले दिनों में तथ्यों और प्रमाणों के साथ जनता के बीच जाएगी ताकि सरकार के 'प्रोपेगेंडा' का पर्दाफाश किया जा सके। इस दौरान श्रीविद्या मठ में अजय राय के साथ जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, अनिल श्रीवास्तव, प्रजानाथ शर्मा, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, और सदानंद तिवारी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को देख रहे हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं। पत्रकारिता में 25 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। सिटी टीम का नेतृत्व भी किया। बीकॉम में ग्रेजुएट और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर रिपोर्टिंग भी की है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |