
काशी में पहली बार सीएम का जनता दर्शन, एक-एक फरियादी के पास पहुंचे योगी, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
यूपी केे काशी में पहली बार सीएम योगी जनता दर्शन हुआ। इस दौरान सीएम योगी एक-एक फरियादी के पास पहुंचे। उन्होंने 102 फरियादियों की शिकायतें सुनीं। पुलिस कमिश्नर औऱ डीएम को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय काशी प्रवास पर शनिवार को रवानगी से पहले 'जनता दर्शन' का आयोजन किया। योगी एक-एक फरियादी के पास पहुंचे। उन्होंने 102 फरियादियों की शिकायत सुनने और प्रार्थना पत्रों के अवलोकन के बाद पुलिस कमिश्नर औऱ डीएम को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।

सर्किट हाउस में सुबह आठ बजे 'जनता दर्शन' शुरू हुआ। इससे पूर्व फरियादियों को भवन के नीचले तल के सभागार में बैठाया गया था। जनता दर्शन में पहुंचे मुख्यमंत्री एक-एक फरियादी की कुर्सी तक पहुंचे और उनसे शिकायतें और समस्याएं जानीं। उन्होंने साथ चल रहे मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, डीएम सत्येंद्र कुमार को प्रार्थना पत्र देते हुए कार्रवाई के लिए विभागों को निर्देश देने के लिए कहा।
मुख्यमंत्री कुछ प्रार्थना पत्रों पर स्वयं भी आदेशित औऱ निर्देशित किए। बारी-बारी से सबको सुनने के बाद आश्वस्त किया कि जल्द ही आपके प्रार्थनापत्रों का समाधान किया जाएगा। जनता दर्शन में राजस्व, नगर निगम, थाना औऱ छुट्टा पशुओं की शिकायतें भी पहुंचीं। इसके अलावा मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद के लिए करीब एक दर्जन प्रार्थना पत्र भी आए हैं।
उधर जनता दर्शन की जानकारी पर सर्किट हाउस के गेट पर आमजन की भीड़ उमड़ पड़ी। भोजूबीर-सर्किट हाउस मार्ग में दो-दो स्थानों पर बैरीकेडिंग के बाद भी अपनी समस्याओं को रखने के लिए लोग पहुंचे थे। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री से मिलकर वे भी अपनी बात रखना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ सर्किट हाउस में पत्रकार केके शर्मा की पुस्तक 'काशी के द्वदश ज्योतिर्लिंग' का भी विमोचन किया।
बता दें कि मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों और अफसरों को जनता दर्शन के आयोजन की जानकारी दी थी। उनका कहना था कि यह देखा गया है कि वाराणसी के लोग भी गोरखपुर और लखनऊ के जनता दर्शन में पहुंच रहे हैं। इसलिए इनकी शिकायतों को यहीं पर सुनकर समाधान कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने वाराणसी औऱ गाजीपुर में बाढ़ का किया हवाई सर्वेक्षण
मुख्यमंत्री सुबह करीब 9.30 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड से लखनऊ के लिए उड़ान भरी। उन्होंने लखनऊ रवाना होने से पहले वाराणसी औऱ गाजीपुर में आई बाढ़ का हवाई सर्वेक्षण किया। तत्पश्चात लखनऊ के लिए रवाना हो गए।





