
मंत्री ओम प्रकाश राजभर बोले-बिना लाइसेंस का बाटूंगा हथियार, जिसे चाहिए आकर ले ले
ओमप्रकाश राजभर मंगलवार को निषाद पार्टी के ‘संकल्प दिवस कार्यक्रम’ में बोल रहे थे। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के 13वें स्थापना दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष और मंत्री डॉ.संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की बढ़ती ताकत का आभास कराने का प्रयास किया।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख और यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के एक बयान ने यूपी की सियासत में सनसनी फैला दी है। अपने बयानों की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहने वाले ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि वह बिना लाइसेंस के हथियार बांटेंगे। उन्होंने बाकायदा इसकी तारीख और जगह भी बताई है। मंत्री ने कहा है कि जिसे भी बिना लाइसेंस के हथियार चाहिए वो 18 जनवरी को आजमगढ़ आकर उनसे ले सकता है।
ओमप्रकाश राजभर मंगलवार को लखनऊ में आयोजित निषाद पार्टी के ‘संकल्प दिवस कार्यक्रम’ में बोल रहे थे। उनके बयान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के 13वें स्थापना दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष और मंत्री डॉ.संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की बढ़ती ताकत का आभास कराने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। डॉ.संजय निषाद ने कहा कि उन्होंने 13 जनवरी 2013 को महाराजा गुह्रराज निषाद के किले श्रृंगवेरधाम में मछुआ समाज का शोषण करने वाले दलों के अंत का संकल्प लिया था। क्योंकि मछुआ समाज किसी का वोट बैंक नहीं है। यह समाज केवल नदी और ताल में मछली ही मारना नहीं जानता। बल्कि सरकार बनाना और गिराना भी जानता है।
राममनोहर लोहिया विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में डा.निषाद ने कहा कि मछुआ समाज चाहता है कि बहन वीरांगना फूलन देवी और लौहपुरुष स्व. जमुना निषाद की हत्या की सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को पावर की जरूरत है और यह समझना होगा की पावर के लिए उन्हें निषाद पार्टी का साथ देना होगा। समारोह को केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी संबोधित किया।

लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें



