
पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को पीटा, महिला को भगाने की धमकी देकर फरार आशिक
यूपी के बुलंदशहर नगर क्षेत्र में तहसील कर्मचारी को उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर मारपीट की। आरोपी प्रेमी जल्द ही उसकी पत्नी को भगाकर ले जाने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
यूपी के बुलंदशहर नगर क्षेत्र में तहसील कर्मचारी को उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर मारपीट की। आरोपी प्रेमी जल्द ही उसकी पत्नी को भगाकर ले जाने की धमकी देते हुए फरार हो गया। आरोप है कि आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने पर आरोपी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया। नगर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नगर कोतवाली में तहसील में कार्यरत एक कर्मचारी ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें पीड़ित ने बताया कि 25 नवंबर 2020 को उसकी शादी कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुआ था। आरोप है कि पीड़ित की पत्नी शुरू से ही खुले विचारों वाली तथा मौज-मस्ती पसंद करने वाली महिला है। शादी के बाद से ही पत्नी ने घूमने-फिरने को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया।
उनके दो पुत्र पैदा हुए, किंतु पत्नी का मिजाज नहीं बदला और दिन बीतने के साथ-साथ उग्र होता चला गया। शक होने पर उसने जांच की तो पत्नी के नई तहसील कम्पाउंड निवासी तरुण उर्फ हैप्पी के साथ प्रेम संबंध होने का पता चला। पत्नी का मोबाइल चैक करने पर कई आपत्तिजनक वीडियो और रिकार्डिंग भी मिली। पीड़ित के अनुसार 14-15 नवंबर की रात करीब दो बजे वह अपनी डयूटी खत्म कर तहसील से अपने सरकारी आवास पहुंचा तो काफी खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला।
उसने किसी तरह दरवाजा खोला तो अंदर पत्नी और उसका प्रेमी आपत्तिजनक स्थिति में मिले। उसके विरोध करने पर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उससे मारपीट की। उसी दौरान आरोपी प्रेमी तरुण उसकी पत्नी को भगाकर ले जाने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़ित ने आशंका जताई कि पत्नी और प्रेमी मिलकर उसके एवं उसके बच्चों के साथ कोई घटना घटित कर सकते हैं।





