यूपी बजट: महिलाओं को योगी सरकार की बड़ी सौगात, अलग से खुलेंगे कौशल संवर्धन और जॉब प्लेसमेंट केंद्र
उत्तर प्रदेश सरकार ने आज वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश कर दिया है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत इस बजट में 'मिशन शक्ति' को नए पंख देते हुए आधी आबादी यानी महिलाओं के लिए विशेष घोषणाएं की गई हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने नए बजट (2026-27) में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने घोषणा की कि प्रदेश में महिलाओं के लिए विशेष कौशल संवर्धन (Skill Development) और समर्पित जॉब प्लेसमेंट केंद्र खोले जाएंगे। यह केंद्र न केवल महिलाओं को बाजार की मांग के अनुसार तकनीकी प्रशिक्षण देंगे, बल्कि उन्हें सम्मानजनक रोजगार दिलाने में सेतु का काम भी करेंगे।
कौशल विकास केंद्रों की बढ़ेगी क्षमता
सरकार ने युवाओं और महिलाओं के हुनर को निखारने के लिए मौजूदा कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्रों की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है। बजट में इसके लिए पर्याप्त वित्तीय प्रावधान किए गए हैं। सरकार की मंशा है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाएं आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से प्रशिक्षित हों, ताकि वे स्वरोजगार या प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी पा सकें।
मोबाइल विनिर्माण और इलेक्ट्रॉनिक्स में यूपी का दबदबा
वित्त मंत्री ने सदन को बताया कि उत्तर प्रदेश अब भारत का सबसे बड़ा मोबाइल फोन विनिर्माण केंद्र बन चुका है। देश के कुल मोबाइल उत्पादन का अकेले 65% हिस्सा यूपी में तैयार हो रहा है। प्रदेश का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात बढ़कर 44,744 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। देश की 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट इकाइयां अब उत्तर प्रदेश में स्थित हैं। इन क्षेत्रों में बढ़ रहे निवेश से महिलाओं के लिए रोजगार के लाखों नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
रैंकिंग में लंबी छलांग और निवेश की बाढ़
बजट भाषण में यूपी की बदलती तस्वीर के आंकड़े भी पेश किए गए। बताया कि वर्ष 2018-19 में यूपी 29वें स्थान पर था, जो 2023-24 में सुधार कर 18वें स्थान पर आ गया है। प्रदेश में अब तक लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन हो चुके हैं, जिससे करीब 10 लाख नए रोजगार मिलने की संभावना है। अब तक 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश वाली 16 हजार से अधिक परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा चुका है।
स्टार्टअप में 'लीडर' बना उत्तर प्रदेश
तकनीक और नवाचार (Innovation) के मामले में भी प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है। स्टार्टअप रैंकिंग में यूपी को अब 'लीडर श्रेणी' में स्थान मिला है। वित्त मंत्री ने कहा कि महिलाओं के लिए बनने वाले नए जॉब प्लेसमेंट केंद्र इसी 'लीडर श्रेणी' को और मजबूती प्रदान करेंगे और प्रदेश को $1 ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


