यूपी बोर्ड एग्जाम: छोटे की जगह बड़ा भाई परीक्षा दे रहा था, डीएम के ऐक्शन पर धराया

Feb 19, 2026 11:21 am ISTsandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, इटावा
share

यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन कड़ी निगरानी के बीच इटावा में एक “मुन्ना भाई” पकड़ा गया, जो अपने भाई की जगह परीक्षा दे रहा था। शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई कर आरोपी को पुलिस के हवाले किया। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी व परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की गई।

यूपी बोर्ड एग्जाम: छोटे की जगह बड़ा भाई परीक्षा दे रहा था, डीएम के ऐक्शन पर धराया

यूपी बोर्ड की हाई स्कूल और इंटर की परीक्षाएं बुधवार से कड़ी निगरानी के बीच शुरू हुईं। बोर्ड परीक्षा के पहले दिन ही एक मुन्ना भाई पकड़ा गया। इटावा में सुबह 8.30 बजे हाई स्कूल हिंदी के प्रश्न पत्र की परीक्षा शुरू हुई। इसी परीक्षा के दौरान एक मुन्ना भाई पकड़ा गया। रमेश चंद्र इंटर कॉलेज निवाड़ी कला का परीक्षा केंद्र बकेवर में स्थित बाबूराम सरस्वती इंटर कॉलेज को बनाया गया है। इसके चलते रमेश चंद्र इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले एक छात्र को भी परीक्षा देने के लिए बाबूराम सरस्वती इंटर कॉलेज में आना था लेकिन वह छात्र परीक्षा देने नहीं आया उसके स्थान पर उसका बड़ा भाई परीक्षा दे रहा था। इसकी शिकायत किसी ने जिलाधिकारी से फोन पर की और बताया कि एक मुन्ना भाई परीक्षा दे रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

छोटे की जगह बड़ा भाई परीक्षा देते पकड़ाया

जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और एसडीएम भरथना को सूचना दी। इसके बाद अपने भाई के स्थान पर परीक्षा देते हुए मुन्ना भाई को धर दबोचा गया। केंद्र व्यवस्थापक ने इस मुन्ना भाई को पुलिस के हवाले कर दिया है। इसके साथ ही तहरीर भी थाने में दे दी है। इस बीच जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से लगातार परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी गई । सुबह की परीक्षा के दौरान आरके इंटर कॉलेज साम्हो स्थित परीक्षा केंद्र पर कुछ हलचल दिखाई दी। इस पर तत्काल डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से विद्यालय में फोन किया गया और कहा कि यह हलचल क्यों है इसको ठीक किया जाए।

राजधानी लखनऊ में कंट्रोल बोर्ड बना

परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से चले। छात्र आपस में बात ना करें। इसी तरह सुबह की पाली में 10.50 बजे के करीब जन सहयोगी इंटर कॉलेज पृथ्वीपुर के सीसीटीवी सक्रिय नहीं दिखे इस पर केंद्र व्यवस्थापक को कंट्रोल रूम से फोन किया गया तो उन्होंने बताया कि नेट की गड़बड़ी के कारण ऐसा है । पहली पाली की परीक्षा के दौरान ही राजधानी लखनऊ में बनाए गए कंट्रोल रूम से डीआईओएस कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम पर फोन किया गया कि धनीराम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य लखनऊ कंट्रोल रूम का फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं। इस पर इस कॉलेज के प्रधानाचार्य और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को फोन किया गया और लखनऊ कंट्रोल रूम से उनकी बात भी कराई गई।

पहले दिन आधा दर्जन उड़नदस्तों का छापा

परीक्षा के दौरान लगातार निरीक्षण की व्यवस्था भी चलती रही। आधा दर्जन उड़नदस्तों ने छापामारी की। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पहली पाली में शहर में सनातन धर्म इंटर कॉलेज और इस्लामिया इंटर कॉलेज में जाकर परीक्षा का निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि सीसीटीवी सही चल रहे हैं या नहीं। प्रश्न पत्रों की गोपनीयता की व्यवस्था भी देखी। उन्होने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा की परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन कराया जाए। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |