यूपी में ड्राफ्ट मतदाता सूची से पहले BLO करेंगे गायब वोटरों की जांच, पंचायत वोटर लिस्ट से मिलान होगा
यूपी में एसआईआर के तहत अनुपस्थित, मृत व स्थानांतरित मतदाताओं की जांच की जाएगी। यूपी पंचायत चुनाव लिस्ट में होने का दावा करने वाले वोटरों का मिलान किया जाएगा।

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। यूपी में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया में गायब, मृत व स्थानांतरित मतदाताओं की जांच की जाएगी। सभी 1.77 लाख बूथों पर बीएलओ के माध्यम से इसका सत्यापन किया जाएगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने से पहले इसका मिलान का कार्य पूरा करने की तैयारी है। जिससे दावे और आपत्तियों के समय किसी भी तरह की दिक्कत न हो। ऐसे मतदाता जो यह दावा करेंगे कि उनका नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में है, लेकिन विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में नहीं है तो उनका मिलान किया जाएगा। जिससे उन्हें फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता बनाया जा सके।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले चुनाव आयोग मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी न रहे इसके लिए प्रयास कर रहा है और इसी के चलते एसएसआर की प्रक्रिया कराई जा रही है। सभी जिलों के डीएम और विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि मतदाता सूची में कोई भी पात्र व्यक्ति जुड़ने से शेष न रहे।
एक बार फिर भौतिक सत्यापन करेंगे
वहीं जो भी कुछ गलतियां हैं, उन्हें जांच कर दूर कर लिया जाए। यूपी में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की जारी की गई अंतिम मतदाता सूची से कुल 2.20 करोड़ अनुपस्थित व स्थानांतरित मतदाताओं के नाम काटे गए थे। वहीं 46.78 लाख मृत मतदाताओं के नाम भी काटे गए थे। सभी बीएलओ के पास बूथवार अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट व मृत मतदाताओं के काटे गए नाम की सूची है। ऐसे में वह एक बार इसका फिर भौतिक सत्यापन करेंगे। फिलहाल आगे एसएसआर की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। जिसकी सुनवाई बेहतर ढंग से की जाएगी। ऐसे पात्र लोग मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, उनका नाम जोड़ा जाएगा। अभी मतदाता सूची में कुल 13.46 करोड़ मतदाताओं के नाम हैं।

