कश्मीर गए यूपी के नाबालिग युवक का किया धर्मांतरण, इस्लाम कबूल करने का वीडियो परिवार को भेजा
यूपी से रोजगार की तलाश में कश्मीर गए बिजनौर के एक किशोर का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का संवेदनशील मामला सामने आया है। लड़के के माता-पिता और पीड़ित परिवार के पास किसी अज्ञात नंबर से किशोर के इस्लाम कबूल करने का वीडियो भेजा गया है।

यूपी से रोजगार की तलाश में कश्मीर गए बिजनौर के एक किशोर का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का संवेदनशील मामला सामने आया है। लड़के के माता-पिता और पीड़ित परिवार के पास किसी अज्ञात नंबर से किशोर के इस्लाम कबूल करने का वीडियो भेजा गया है, जिसके बाद से माता-पिता सदमे में हैं। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है। हिंदू संगठनों ने परिवार को मदद का भरोसा दिया है और पुलिस के उच्चाधिकारियों से संपर्क साधा है।
मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किशोर कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के रावली रोड स्थित एक गांव का रहने वाला है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण सभी लोग मेहनत-मजदूरी करते हैं। इसी सिलसिले में उनका 17 वर्षीय बेटा कुछ समय पहले कश्मीर गया था, जहां वह एक हेयर कटिंग सैलून पर काम करने लगा। किशोर के चाचा ने बताया कि एक दिन पहले उनके पास किसी अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाला उसका भतीजा ही था, जिसने कहा कि अब उसे भूल जाओ, उसने इस्लाम कबूल कर लिया है।
बताया जा रहा है कि भतीजे से फोन पर बात करने के तुरंत बाद उसी नंबर से भतीजे के धर्म परिवर्तन करने और उसके बाद की गतिविधियों का एक वीडियो भी भेजा गया। वीडियो में लड़के का इस्लाम कबूल करना दिख रहा है। वीडियो देखने के बाद से घर में कोहराम मचा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे के पुराने नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उससे कोई बात नहीं हो पा रही है।
हिंदू संगठन हुए सक्रिय
जैसे ही यह खबर गांव और आसपास के इलाके में फैली, लोगों में भारी गुस्सा पनप गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। संगठनों का आरोप है कि नाबालिग को बहला-फुसलाकर और डरा-धमकाकर जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया है। परिजनों के पास बेटे के नाबालिग होने के सबूत के तौर पर हाईस्कूल की मार्कशीट भी है। इसके बाद पुलिस से संपर्क करके मामले में जांच के लिए कहा गया।
आज दर्ज होगी एफआईआर
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से बात की है। सोमवार को संगठन कार्यकर्ता परिजनों को साथ लेकर अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और किशोर को कश्मीर से सकुशल वापस लाने व दोषियों के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर सौंपेंगे। परिजनों की केवल एक ही मांग है किसी भी तरह उनका बच्चा उन्हें वापस मिल जाए।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

