10वीं फेल ने यूपी और बिहार के कई पुलिसवालों को ठगा, रौब दिखाकर ट्रांसफर करवाई रकम
10वीं फेल नटवरलाल ने यूपी और बिहार के कई पुलिसवालों को ठगा। एसपी क्राइम मुख्यालय लखनऊ बताकर बागपत और मेरठ के पुलिस कर्मियों से ठगी की। चौकी इंचार्ज से हुई 25 हजार रुपये की ठगी के बाद साइबर सेल ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

10वीं फेल साइबर अपराधी ने यूपी और बिहार के पुलिस अधिकारियों पर रौब गालिब कर ऑनलाइन ठगी की कई वारदातों को अंजाम दे डाला। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब बागपत के चांदीनगर थाना क्षेत्र की ललियाना चौकी इंचार्ज से हुई 25 हजार रुपये की ठगी के बाद साइबर सेल ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर खुद को एसपी क्राइम मुख्यालय से बताकर जनपदों के पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल करता था, जहां से पुलिसवालों के मोबाइल नंबर लेकर पैसों की डिमांड करता था। साइबर सेल टीम आरोपी के दो साथियों की गिरफ्तारी में जुटी है।
बागपत में ललियाना चौकी इंचार्ज अमित कुमार के मोबाइल पर पांच अप्रैल को कंट्रोल रूम बागपत से फोन आया कि एसपी क्राइम मुख्यालय लखनऊ बात करना चाहते हैं। इसके बाद व्हाट्सएप नंबर पर कॉल करते हुए कॉलर ने खुद को एसपी क्राइम मुख्यालय बताया। कहा कि डीजीपी के घनिष्ठ मित्र गोल्ड कारोबारी हैं, जिनसे दो लोग तीन किग्रा सोना लेकर भाग गए हैं। इनमें से एक को हमारी टीम ने शामली से पकड़ लिया है, जबकि दूसरा आरोपी आपके चौकी क्षेत्र में एक मंदिर के पास बाइक लेकर खड़ा है। उससे सोना खरीदने की बात की जा रही है, जैसे ही वह सोना देगा उसे पकड़ लेना।
कहा कि इसके लिए बयाना के तौर पर कुछ रुपये खाते में ट्रांसफर कर दो। मना किया तो डीजीपी के मित्र का हवाला देते हुए सस्पेंड कराने की धमकी दी गई। इसके बाद दोबारा उसी नंबर से किसी अन्य व्यक्ति की कॉल आई थी, जिसने खुद को इंस्पेक्टर क्राइम बताते हुए कहा कि एसपी क्राइम साहब ने जो आदेश दिया है उसका पालन क्यों नहीं कर रहे हो। इसके बाद भेजे गए बार कोड पर चौकी इंचार्ज ने दो बार में अपने जानकार शौकीन से 25 हजार रुपये ट्रांसफर करा दिए। पुलिस ने धोखाधड़ी सामने आने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर गहनता से जांच की।
एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि विवेचना में बिहार के मोतिहारी के थाना लखौरा के लक्ष्मीपुर कटहारिया का मूल निवासी लाल मोहन राय का नाम प्रकाश में आया। वह वर्तमान में परिवार के साथ फरीदाबाद के सेक्टर 81 में रहता है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी ने अपने साथी अजय चौबे निवासी गोपाल गंज बिहार और एक अन्य के साथ मिलकर बिहार के जनपद जमुई के सिमुलतला थाना प्रभारी रूबी कुमारी से 50 हजार रुपये हड़पे थे। इसके अलावा सिद्धार्थनगर की मोहाना चौकी इंचार्ज सुदीप कुमार यादव से 30 हजार रुपये की ठगी की थी। बताया कि अब तक यह गैंग 20 से अधिक पुलिसवालों से लाखों रुपये की आनलाइन ठगी कर चुका है।
रोहटा थाना इंचार्ज से भी किया ठगी का प्रयास
विवेचक के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मेरठ के रोहटा थाने की इंचार्ज पूजा पंवार को भी झांसे में लेकर रुपये खाते में डलवाने की कोशिश की थी, लेकिन थाना इंचार्ज ने ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करने से मना कर दिया था। इसके बाद ठगों ने उन्हें निलंबित कराने की धमकी दी लेकिन उन्होंने पैसे नहीं दिए।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

