
पत्नी ने पति को बनाया बंधक, सीसीटीवी बंद कर हाथ-पैर और गले में रस्सी का फंदा कसा
यूपी के बरेली में सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट ने पत्नी व उसके दोस्त पर बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और जबरन चेक पर साइन कराने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यूपी के बरेली में सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट ने पत्नी व उसके दोस्त पर बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और जबरन चेक पर साइन कराने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

जागृतिनगर बीडीए कॉलोनी निवासी विशाल चंद्र सक्सेना सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट हैं। उनका आरोप है कि 28 अक्तूबर की रात पत्नी शिखा सक्सेना ने उन्हें दूध दिया, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गए। सुबह होश आया तो हाथ-पैर और गले में रस्सी का फंदा कसा था। सामने उनकी पत्नी शिखा सक्सेना और उसका मिलने वाला भूड़ निवासी सौरभ सक्सेना खड़ा था। वे दोनों उन्हें उठाकर पीछे वाले कमरे में ले गए, जहां से बाहर तक आवाज नहीं आती है और सीसीटीवी कैमरा भी बंद कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस
विशाल ने बताया कि हाथ-पैरों में रस्सी बंधी होने की अवस्था में वह बाहर पहुंचे तो पड़ोसियों ने यूपी 112 पुलिस बुलाई। उन्हें थाने जाने की सलाह दी गई, जिस पर थाना सुभाषनगर में शिकायत कर उन्होंने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि सौरभ इलेक्ट्रीशियन है और फार्मासिस्ट के घर काम करने आया था। तभी उनकी पत्नी से उसकी नजदीकी हो गई। मामले की जांच करके कार्रवाई की जा रही है।
हथौड़े से गुम चोट मारकर किया प्रताड़ित
विशाल का आरोप है कि दोनों ने हाथ-पैरों में गुम चोट मारकर उन्हें प्रताड़ित किया और चेक पर साइन करने को कहा। उनकी पत्नी ने सौरभ को शराब की बोतल दी, जिसे पीते हुए उसने बताया कि दोनों ने उन्हें दूध में नींद की गोलियां दी हैं। सौरभ ने जान से मारने की धमकी देकर कहा कि इसके बदले शिखा उसे पांच लाख रुपये देगी और उनकी संपत्ति भी वे लोग बांट लेंगे। बेहोश होकर उन्हें छत से फेंक देंगे या फंदे से लटका देंगे।





