बरेली, उन्नाव और आजमगढ़ के 5 शराब कारोबारी माफिया घोषित, निशाने पर अवैध संपत्ति
यूपी पुलिस ने अलग-अलग शहरों के पांच शराब कारोबारी माफिया घोषित किए हैं। इनमें मनोज जायसवाल, अरुण कुमार पांडेय, अशोक दीक्षित, संजय कुमार और अजय जायसवाल शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।

यूपी पुलिस ने मनोज जायसवाल समेत बरेली, उन्नाव और आजमगढ़ के पांच शराब कारोबारियों को माफिया घोषित किया है। थाना बारादरी से उन्हें माफिया नंबर म-17/2026 जारी किया गया है। इन पर कार्रवाई के साथ ही इनके साथी भी पुलिस के रडार पर आ गए हैं और उनका चिह्नीकरण शुरू कर दिया गया है।
सहारनपुर के गांव टपरी स्थित शराब फैक्ट्री कोऑपरेटिव कंपनी लिमिटेड में घोटाले को लेकर गैंगस्टर और संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई के बाद इसमें शामिल शराब कारोबियों पर फिर से पुलिस का शिकंजा कसने लगा है। इसके तहत थाना बारादरी पुलिस की रिपोर्ट पर ग्रीन पार्क निवासी मनोज जायसवाल, फतेहगंज पश्चिमी के गांव बेहटा निवासी संजय कुमार, इज्जतनगर के न्यू ब्रजलालनगर निवासी अजय जायसवाल, उन्नाव में कोतवाली के गांधीनगर निवासी अशोक दीक्षित और आजमगढ़ में थाना अतरौलिया के शिवपुरम गढ़वान निवासी अरुण कुमार पांडेय को शराब माफिया घोषित किया गया है।
पुलिस का कहना है कि अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। यह गिरोह संगठित रूप से अवैध शराब तस्करी जैसी अपराधिक गतिविधियों को अंजाम देकर अवैध लाभ अर्जित कर रहे थे। इनमें से मनोज के खिलाफ गैंगस्टर समेत चार, अशोक के खिलाफ गैंगस्टर समेत तीन और अरुण व संजय पर एक-एक मुकदमा दर्ज है।
पांच साल से चर्चा में है टपरी डिस्टलरी कांड
मार्च 2021 में सहारनपुर स्थित टपरी डिस्टलरी से आबकारी अधिकारियों, शराब कारोबारियों और फैक्ट्री प्रशासन की मदद से टैक्स चोरी का मामला प्रकाश में आया था। इसको लेकर सहारनपुर, बारादरी और कानपुर में भी मुकदमे दर्ज किए गए थे। बाद में इन सभी मामलों की जांच लखनऊ एसआईटी को सौंपी गई थी। इस मामले में 27 लोगों पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की गई। इसका गैंगलीडर मालवीयनगर दक्षिण दिल्ली निवासी एमडी प्रणय अनेजा को बनाया गया।
यूनिट हेड उपेंद्र गोविंद राव, बाटलिंग इंचार्ज हरिशरण तिवारी, बारकोड डिस्पैचर प्रदीप कुमार, कैमिस्ट अरविंद कुमार, क्वालिटी कंट्रोलर संजय कुमार शर्मा, एटीपी इंचार्ज मांगेराम त्यागी, ट्रांसपोर्टर जय भगवान शर्मा, ड्राइवर गुलशेर, अशोक कुमार कश्यप, कमल डेनियल, वीरेंद्र शंकर, सत्यवान शर्मा उर्फ सत्यभान, सीबीगंज निवासी अश्वनी कुमार उपाध्याय, संतलाल जायसवाल, ग्रीन पार्क निवास मनोज जायसवाल, उसका भाई नीरज जायसवाल, अशोक दीक्षित, रविंद्र किशोर, सहायक आबकारी आयुक्त जगराम पाल, तत्कालीन आबकारी निरीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, राकेश कुमार चतुर्वेदी, टीएस सोमशेखर, कुलदीप सिंह और प्रदीप गुप्ता का गैंग का सदस्य बनाया गया।
एसएसपी, अनुराग आर्य ने कहा कि मनोज जायसवाल समेत पांच अपराधियों को अवैध शराब माफिया घोषित किया गया है। ये सभी पुलिस की लगातार निगरानी में रहेंगे। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त इनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इनकी अवैध संपत्ति का भी चिह्नीकरण कराकर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

