सड़क के गड्ढे ने दी नई जिंदगी, डॉक्टरों ने मृत मान लिया था, गाड़ी में लगे झटके से लौटीं सांसें

Mar 11, 2026 08:24 pm ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, पीलीभीत
share

यूपी के पीलीभीत की 50 वर्षीय विनीता शुक्ला को बरेली के डॉक्टरों ने 'ब्रेन डेड' घोषित कर दिया था। उनके अंतिम संस्कार की घर पर तैयारी शुरू हो गई थी। एम्बुलेंस से घर ले जाते समय हाईवे पर एक गड्ढे के कारण लगे झटके से उनकी सांसें वापस लौट आईं। वह अब पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट आई हैं।

सड़क के गड्ढे ने दी नई जिंदगी, डॉक्टरों ने मृत मान लिया था, गाड़ी में लगे झटके से लौटीं सांसें

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत हाईवे पर एक ऐसी घटना घटी है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। अभी तक सड़क के गड्ढों के कारण लोगों की जान जाने की खबरें आती रहती थीं। यहां गड्ढे के कारण एक महिला की लगभग जा चुकी जान लौटी है। महिला को डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित करते हुए कह दिया था कि कुछ घंटे की ही मेहमान हैं और घर के लिए डिस्चार्ज कर दिया था। गाड़ी से घर आते समय गड्ढे के कारण ऐसा झटका लगा कि उनकी सांसें चलने लगीं और शरीर में भी हलचल तेज हो गई। दोबारा परिवार वाले अस्पताल लेकर भागे। दस दिन चले इलाज के बाद अब महिला पूरी तरह स्वस्थ हैं।

क्या है पूरा मामला?

पीलीभीत की रहने वाली विनीता शुक्ला न्यायिक न्यायालय के कॉपी सेक्शन में सीनियर असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं। 22 फरवरी की शाम घर का काम करते समय उन्होंने बीपी की दवा खाई। इसके बाद अचानक वह बेहोश हो गई। परिजन उन्हें तत्काल पीलीभीत के ही सरकारी अस्पताल लेकर गए। वहां से हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया गया। परिजन विनीता को लेकर बरेली के एक बड़े अस्पताल पहुंचे। वहां वेंटिलेटर पर रखने के बाद भी कोई फायदा नहीं हुआ।

बरेली के अस्पताल में दो दिनों तक चले इलाज के बाद डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। डॉक्टरों का कहना था कि विनीता 'ब्रेन डेड' हो चुकी हैं और उनके शरीर में जीवन के कोई लक्षण नहीं हैं। 24 फरवरी को उन्हें 'नो होप ऑफ सर्वाइवल' (जीने की कोई उम्मीद नहीं) के साथ अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। डॉक्टरों ने कह दिया कि अब कुछ घंटे की ही मेहमान हैं।

गड्ढे ने किया 'चमत्कार'

विनीता के पति कुलदीप कुमार शुक्ला भारी मन से अपनी पत्नी को एम्बुलेंस में घर वापस ले जा रहे थे। घर पर अंतिम संस्कार की तैयारियां भी शुरू कर दी गई थीं। कुलदीप के अनुसार, उनकी सांसें थम चुकी थीं और दिल की धड़कन न के बराबर थी।

इसी दौरान बरेली-हरिद्वार हाईवे पर हाफिजगंज के पास एम्बुलेंस एक गड्ढे से गुजरी। गड्ढे के कारण एम्बुलेंस को जोरदार झटका लगा। कुलदीप बताते हैं, "उस झटके के अगले ही पल विनीता की सांसें अचानक सामान्य चलने लगीं। कुछ देर बाद एक और झटका लगा तो शरीर में भी कुछ हलचल हुई। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी घर पर फोन से दी और अंतिम संस्कार की तैयारी रोक दी गई।

मौत को मात देकर घर वापसी

विनीता के शरीर में हरकत देख पति उन्हें लेकर पीलीभीत के न्यूरो अस्पताल में पहुंचे। वहां इलाज शुरू हुआ तो धीरे-धीरे हाथ-पैर भी हिलने लगे। सांसें सामान्य होने लगीं। करीब दस दिन तक चले इलाज के बाद विनीता पूरी तरह स्वस्थ हो गईं और घर भी आ गई। वहां के न्यूरोसर्जन डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि जब विनीता को लाया गया था तो उनकी स्थिति बेहद नाजुक थी, लेकिन गहन चिकित्सा के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार होने लगा। विनीता के इस तरह से मौत को मात देकर लौटने से एक तरफ परिवार वाले खुश हैं दो दूसरी तरफ चमत्कार ही मान रहे हैं। इस घटना के बाद चर्चा यह भी हो रही है कि कैसे एक दुर्घटना का कारण बनने वाला 'गड्ढा' किसी के लिए संजीवनी बन गया।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।