कांवड़ रूट पर नॉन-वेज और अंडे की ब्रिकी पर बैन, कांवड़ियों को प्रसाद में मिलेंगे ये खास तोहफे
बरेली ने प्रशासन ने कांवड़ रूट पर नॉन-वेज और अंडे की ब्रिकी पर बैन लगा दिया है। साथ ही, कांवड़ियों को प्रसाद में खास तोहफे देने की तैयारी की जा रही है। कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से फूल भी बरसाए जाएंगे। कांवड़ियों की सुविधा के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा है।

यूपी के बरेली में सावन के महीने में प्रशासन ने कांवड़ियों के स्वागत के लिए तैयारी शुरू कर दी है। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रमुख शिव मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंदिरों में कांवड़ियों को प्रसाद के रूप में पौधे भी वितरित किए जाएंगे। बरेली में प्रशासन ने पिछले वर्ष कांवड़ियों और नाथ नगरी के प्रमुख शिव मंदिरों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की थी। इस बार भी अलखनाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, धोपेश्वरनाथ मंदिर, तपेश्वरनाथ मंदिर, वनखंडीनाथ आदि मंदिरों के ऊपर फूलों की बरसात होगी।
इसके साथ ही कांवड़ियों के रूट विशेषकर रामगंगा पुल पर आसमान से फूल बरसाए जाएंगे। कांवड़ यात्रा को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की भी तैयारी की गई है। इसके लिए प्रमुख मंदिरों से श्रद्धालुओं विशेष रूप से कांवड़ियों को पौधे बांटे जाएंगे। इसके लिए कमिश्नर ने वन विभाग को निर्देश दिया है। वन विभाग मंदिरों से संपर्क कर पौधे उपलब्ध कराएगा। इस अभियान में पौधरोपण में सक्रिय स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा।
कांवड़ रूट पर नहीं होगी मांसाहार और अंडे की ब्रिकी
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय समिति की मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। डीएम ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्ग में किसी भी प्रकार का मांसाहारी उत्पादों-अंडा आदि की बिक्री नहीं हो। फूड सेफ्टी कनेक्ट एप के स्टीकर सभी प्रतिष्ठानों पर चस्पा किए जाएं ताकि कांवड़ियों को खान-पान का सामान मिल पाए।
बैठक में जनता को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ व आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने पर बल दिया। जिले मे बिना औषधि लाईसेंस संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को उनके क्षेत्रान्तर्गत खाद्य कारोबारकर्ताओं के खाद्य लाईसेंस एवं पंजीकरण में 20 प्रतिशत की वृद्वि एक सप्ताह के अन्तर्गत करने के निर्देश दिये गये। यह भी निर्देशित किया गया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के क्षेत्र मे औचक जांच कर यह देखें कि खाद्य कारोबारकर्ता/विक्रेता द्वारा साफ-सफाई से खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिकी की जा रही है या नहीं।
बरेली-बदायूं रोड़ सुधारने का निर्देश
बरेली-बदायूं राष्ट्रीय राजमार्ग पर इन दिनों चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसके चलते जगह-जगह डायवर्जन है। सड़क पर मिट्टी, सरिया, सीमेंट आदि बिखरा हुआ है। कमिश्नर ने सोमवार को इस सड़क का निरीक्षण किया था। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को सावन के पूर्व ही सड़क की स्थिति में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सावन के पहले कम से कम इतना कार्य हो जाए कि कांवड़ियों के लिए परेशानी न उठानी हो। जिन स्थानों पर यातायात ज्यादा प्रभावित हो रहा है, वहां पर वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सावन के दो दिन पूर्व से ही डायवर्जन लागू हो जाएगा। लोग घरों से निकलते समय डायवर्जन का ख्याल रखें।
सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि पवित्र सावन माह में कांवड़ियों का स्वागत पुष्प वर्षा से किया जाएगा। उन्हें प्रसाद के रूप में पौधे भी वितरित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य कांवड़ियों का सम्मान करने के साथ-साथ हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

