यूपी के कॉल सेंटर गैंग का मिला पाकिस्तान कनेक्शन, डेटा की जांच में मिले कई नंबर

Srishti Kunj मुख्य संवाददाता, बरेली
share

ऑनलाइन गेमिंग एवं बेटिंग साइट से जरिये कई प्रदेशों में ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ होने के बाद इसका पाकिस्तानी कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए कॉल सेंटर से 10 हजार से ज्यादा मोबाइल नंबर का डेटा बरामद हुआ है, जिनमें कई नंबर पाकिस्तान के भी हैं।

यूपी के कॉल सेंटर गैंग का मिला पाकिस्तान कनेक्शन, डेटा की जांच में मिले कई नंबर

ऑनलाइन गेमिंग एवं बेटिंग साइट से जरिये कई प्रदेशों में ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ होने के बाद इसका पाकिस्तानी कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए कॉल सेंटर से 10 हजार से ज्यादा मोबाइल नंबर का डेटा बरामद हुआ है, जिनमें कई नंबर पाकिस्तान के भी हैं। अब पुलिस इस मामले में और ज्यादा गहराई से जांच कर रही है।

इज्जतनगर में अहलादपुर निवास शिवम नवाबगंज के मोहल्ला आदर्शनगर निवासी सूर्यभान और भुता के गांव कमुआ निवासी निवासी विनीत आशुतोष सिटी में किराये पर मकान लेकर कॉल सेंटर चला रहे थे। इस कॉल सेंटर के जरिये लोगों को कॉल करके वन एक्स बेट, एविएटर, फेयरप्ले जैसी 15-16 गेमिंग एवं बेटिंग साइट के जरिये लोगों से रकम लगवाकर ठगी को अंजाम दे रहे थे।

Voice of UP

प्रतिबिंब पोर्टल पर दर्ज हुई एक शिकायत से इनका कनेक्शन सामने आने के बाद सोमवार को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आशुतोष सिटी में दबिश देकर सूर्यभान और विनीत को गिरफ्तार कर लिया लेकिन गैंग का सरगना शिवम फरार हो गया। उनके कॉल सेंटर से पुलिस ने ठगी में प्रयुक्त तमाम उपकरण और 353 पेज में लिखे मोबाइल नंबरों का डेटा बरामद किया।

इन पेज में 10 हजार से ज्यादा मोबाइल नंबर हैं, जिनमें से कुछ पाकिस्तानी भी हैं। इसके चलते पुलिस ने जांच और तेज कर दी है। इस गैंग से इन पाकिस्तानी नंबरों के कनेक्शन की भी पड़ताल हो रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी शिवम ने इस धंधे से करोड़ों रुपये बनाए हैं और आशुतोष सिटी में ही तीन मंजिल मकान बनाया है।

पाकिस्तानी सर्वर की है आशंका

आरोपी जिन वेबसाइट के जरिये ठगी को अंजाम दे रहे थे, वे सभी भारत में प्रतिबंधित हैं। ऐसे में यह भी आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान के सर्वर या वहां के मोबाइल नंबरों के जरिये इन वेबसाइट का संचालन किया जा रहा हो। साथ ही यह भी आशंका है कि यह गैंग पाकिस्तान में भी लोगों से इसी तरह ठगी कर रहा हो। फिलहाल सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

पांच प्रतिशत कमीशन पर बैंक खाते

आरोपियों के कब्जे से बैंक खातों से संबंधित सात डिजिटल क्यूआर डिवाइस, एक क्यूआर कोड, सात चैकबुक, सात चैक, पांच पासबुक, सात सेविंग अकाउंट कॉम्बो किट और 13 डेबिट कार्ड बरामद हुए। ये सभी अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर लिए गए थे, जिनमें ठगी की रकम मंगाई जाती थी। अगर किसी खाते के खिलाफ शिकायत दर्ज होती थी तो वे उसे तत्काल बंद कर देते थे। ये खाते लोगों को उसमें आने वाली रकम का पांच प्रतिशत देने का झांसा देकर खुलवाए जाते थे।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।