तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से हिंडन नदी में गिरी कार, हेड कांस्टेबल समेत दो की मौत
यूपी में बागपत-मेरठ हाईवे पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मारुति इग्नीस कार हिंडन नदी में जा गिरी, जिससे कार सवार हेड कांस्टेबल समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

यूपी में बागपत-मेरठ हाईवे पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मारुति इग्नीस कार हिंडन नदी में जा गिरी, जिससे कार सवार हेड कांस्टेबल समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर घायलों को नदी से बाहर निकाला ओर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
बताया जा रहा है कि कार में सवार पुलिसकर्मी मेरठ जानी थाना क्षेत्र से किसी विवेचना के बाद वापस अपने थाने सिंघावली अहीर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार बागपत-मेरठ हाईवे पर हिंडन पुल पर पहुंची, तो तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी। जिससे कार हिंडन नदी में जा गिरी। हादसे में बुलंदशहर निवासी हेड कांस्टेबल राहुल ओर बसोद निवासी ग्रामीण अजरू उर्फ अजरुद्दीन की मौत हो गई। कार में सवार एक अन्य कांस्टेबल कौशल शर्मा और तैयब व गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को नदी से बाहर निकलवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल हादसे की जांच में जुटी है।

लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।
और पढ़ें



