
रिटायर पुलिसवाले पर भ्रष्टाचार का केस, खुशी में गांव वालों ने मनाया जश्न, 500 लोगों की दावत
यूपी में एक गांव के लोगों ने इस बात का जश्न मनाया कि रिटायर पुलिस वाले के खिलाफ केस दर्ज हो गया। इतना ही नहीं गांव वालों ने दावत भी की। बागपत जिले के एक छोटे से गांव में सोमवार को जश्न मनाया गया।
यूपी में एक गांव के लोगों ने इस बात का जश्न मनाया कि रिटायर पुलिस वाले के खिलाफ केस दर्ज हो गया। इतना ही नहीं गांव वालों ने दावत भी की। बागपत जिले के एक छोटे से गांव में सोमवार को जश्न मनाया गया। बताया जा रहा है कि रिटायर पुलिस इंस्पेक्टर के खिलाफ कथित तौर पर आय से ज्यादा संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया। राज्य सरकार ने प्रेमवीर राणा के खिलाफ कार्रवाई की है जिस पर गांव वालों ने खुशी जताई है। गांव वालों ने प्रेमवीर राणा के खिलाफ शिकायत लगभग 4 साल पहले दर्ज करवाई थी।

चार साल बाद शिकायत पर कार्रवाई के चलते गांव वाले उत्साहित हो गए। शिकायतकर्ता ने इसके बाद एक सामुदायिक भोज का आयोजन किया और इसमें 500 लोगों को दावत करवाई। बताया जा रहा है कि प्रेमवीर राणा के पैतृक गांव निरपुरा में लंबे समय से ये चर्चा थी कि अचानक उनकी संपत्ति में वृद्धि कैसे हो रही है। लगभग एक साल पहले प्रेमवीर राणा शामली के कैराना के एसएचओ पद से सेवानिवृत्त हो गए। बताया जा रहा है कि उनके पास पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे शामली से लेकर मेरठ और नोएडा तक में फैली विशाल संपत्तियां हैं।
इसी के बाद निरपुरा के एक ग्रामीण राम मेहर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के सरकारी अभियान से प्रेरित होकर, 2021 में राणा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने का साहस जुटाया। उस समय पुलिस बल में कार्यरत रहे राम मेहर ने कहा कि शिकायत दर्ज कराने के बाद, पुलिस ने हमारे गांव के लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। मेरा समर्थन करने वालों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार, डकैती, हत्या के प्रयास जैसे कई झूठे मामले दर्ज किए गए। कुछ ग्रामीणों को गिरफ्तार भी किया गया और उन्हें कई महीने जेल में बिताने पड़े। लेकिन हमने कभी हार नहीं मानी।
सोमवार को गांव वालों की कोशिश के चलते प्रेमवीर पर कार्रवाई हुई। बागपत के एसपी सूरज राय ने पुष्टि की कि राणा के खिलाफ जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि मेरठ के सतर्कता विभाग में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। अगर हमारी तरफ से किसी भी तरह के सहयोग की ज़रूरत होगी, तो हम ज़रूर देंगे।





